अभियान संवेदना के तहत कापू पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दबिश देकर रिश्तेदार के घर से पकड़ा
CBN36 रायगढ़, 9 सितंबर। महिलाओं की सुरक्षा और उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान संवेदना के तहत कापू पुलिस ने महिला से छेड़खानी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय महिला ने 8 सितंबर को थाना कापू में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 5 सितंबर को ग्राम डुमरनारा में कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान ग्राम खम्हार-पुटुकछार निवासी कृष्णमोहन यादव (34) ने उसे अकेला पाकर हाथ और बांह पकड़कर खींचतान की और छेड़खानी की।
घटना के बाद सामाजिक रूप से बेइज्जती महसूस होने के कारण महिला ने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की। परिवार से चर्चा के बाद उसने 8 सितंबर को थाना कापू पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिश्तेदार के घर छिपा था आरोपी
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने अपराध दर्ज कर महिला पुलिस अधिकारी से पीड़िता का कथन दर्ज कराया और मेडिकल परीक्षण कराया। वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी देने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई।
पुलिस टीम ने धरमजयगढ़ क्षेत्र में आरोपी की तलाश करते हुए ग्राम सुपकालो में उसके रिश्तेदार के घर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुलिस से बचने के लिए लुक-छिप रहा था। घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक




