
परियोजना एवं योजना का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला, खनन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव
CBN36 बिलासपुर। रमेश चंद्र महापात्र ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में निदेशक (तकनीकी-संचालन) का पदभार संभाल लिया है। उन्हें निदेशक (तकनीकी)-परियोजना एवं योजना का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। पदभार ग्रहण करने पर एसईसीएल के विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
पदभार संभालने के बाद महापात्र ने विभागाध्यक्षों और क्षेत्रीय महाप्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें कंपनी की परिचालन प्राथमिकताओं, उत्पादन गतिविधियों और विभिन्न क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
तीन दशक से अधिक का खनन अनुभव
महापात्र को खनन क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। एसईसीएल में नई जिम्मेदारी संभालने से पहले वे ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के झांझरा क्षेत्र में महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। खनन संचालन, परियोजना प्रबंधन और रणनीतिक नेतृत्व के क्षेत्र में उन्होंने लंबे समय तक काम किया है।
आईआईटी-बीएचयू के पूर्व छात्र महापात्र ने वर्ष 1990 में खनन अभियांत्रिकी की डिग्री हासिल की। इसके अलावा उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए किया है और इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के फेलो हैं।
सूराकछार कोलियरी से शुरू हुआ सफर
महापात्र ने अपने करियर की शुरुआत एसईसीएल के कोरबा क्षेत्र स्थित सूराकछार कोलियरी से की थी। अपने सेवाकाल में उन्होंने कोलियरी प्रबंधक, परियोजना अधिकारी, अतिरिक्त महाप्रबंधक और महाप्रबंधक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां निभाईं।
उन्होंने कोल इंडिया की कई बड़ी भूमिगत और खुली खदान परियोजनाओं का नेतृत्व किया। उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक खनन तकनीकों को अपनाने, भूमि एवं पुनर्वास से जुड़े मामलों के समाधान तथा स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय स्थापित करने में उनका योगदान रहा है।
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर किया प्रतिनिधित्व
महापात्र ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारतीय कोयला क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। इनमें दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में आयोजित अफ्रीकन माइनिंग इंदाबा और चेक गणराज्य में औद्योगिक सहयोग से संबंधित वार्ताएं शामिल हैं।
उनके तकनीकी अनुभव, परिचालन दक्षता और नेतृत्व क्षमता से एसईसीएल के उत्पादन, संचालन, तकनीकी उन्नयन और परियोजना क्रियान्वयन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
प्रधान संपादक




