वर्ष 2019 से मारपीट, लूटपाट और अवैध शराब बिक्री में था संलिप्त, 12 प्रकरण दर्ज
CBN36 बलौदाबाजार। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने आदतन अपराधियों और गुंडा-बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पलारी क्षेत्र के आदतन अपराधी शिवम वर्मा उर्फ कथरी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बुधवार को उसे जिला बदर आदेश की विधिवत तामीली कराते हुए निर्धारित अवधि तक जिले की सीमा से बाहर रहने की हिदायत दी।
पुलिस के अनुसार, शिवम वर्मा वर्ष 2019 से लगातार लड़ाई-झगड़ा, मारपीट, गुंडागर्दी, लूटपाट और अवैध शराब बिक्री जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ थाना पलारी में मारपीट के दो, लूटपाट का एक, आबकारी एक्ट के पांच और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के पांच प्रकरण दर्ज हैं। लगातार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और गुंडा सूची में नाम शामिल होने के बावजूद उसके आचरण में सुधार नहीं आया।
कलेक्टर ने दो सितंबर को जारी किया आदेश
पुलिस की ओर से लगातार आपराधिक गतिविधियों और कानून-व्यवस्था पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने जिला बदर की कार्रवाई की अनुशंसा की थी। इसके आधार पर जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर, बलौदाबाजार ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 3 और 5(ख) के तहत दो सितंबर 2026 को जिला बदर का आदेश पारित किया।
पुलिस ने आदेश की कराई तामीली
आदेश के पालन में थाना पलारी पुलिस ने बुधवार, 9 सितंबर को शिवम वर्मा उर्फ कथरी को जिला बदर आदेश की विधिवत तामीली कराई। पुलिस ने उसे निर्धारित समय सीमा तक जिले की सीमाओं से बाहर रहने और कानून का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी। आदेश की तामीली के बाद पुलिस ने उसकी पावती भी प्राप्त की।
आरोपी: शिवम उर्फ कथरी वर्मा, पिता हेमलाल वर्मा, निवासी पलारी, थाना पलारी।
प्रधान संपादक




