Explore

Search

May 19, 2026 5:01 am

विदेशी निवेश व डिमांड ड्राफ्ट के नाम पर 3 करोड़ 13 लाख से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को बिलासपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ ।बिलासपुर पुलिस ने विदेशी निवेश और डिमांड ड्राफ्ट क्लियरेंस के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।एसएसपी रजनेश सिंह ने यह जानकारी दी।आरोपी की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी नवीन जून (34) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बिलासपुर जिले के देवरी खुर्द क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस ने बताया कि प्रार्थी ने थाना चकरभाठा में शिकायत दर्ज कराई थी कि जनवरी-फरवरी 2024 में उसे एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप संदेश मिला जिसमें खुद को ग्रेट ब्रिटेन निवासी डॉ. लोव्हीत बताने वाले व्यक्ति ने संपर्क किया। बाद में उसे ग्रेस डेविड नामक एक महिला से जोड़ा गया, जिसने भारत में विभिन्न परियोजनाओं में करीब 500 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने प्रार्थी को पार्टनर बनाने का झांसा देकर उससे प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कराई और लगातार संपर्क में रहे। जून 2024 में कथित तौर पर भारत आगमन और स्कॉटलैंड बैंक से जारी करीब 103 करोड़ रुपये के डिमांड ड्राफ्ट के क्लियरेंस के नाम पर प्रार्थी से विभिन्न बहानों से रकम मांगी गई।

पुलिस के मुताबिक, एंबेसी, बैंक, प्रवर्तन निदेशालय, भारतीय रिजर्व बैंक और कस्टम से संबंधित औपचारिकताओं का हवाला देकर प्रार्थी से 31 जुलाई 2024 तक करीब 11.5 लाख रुपये लिए गए, जबकि बाद में आरोपी के खाते में अलग-अलग किस्तों में कुल 3.13 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कराई गई।

जांच में पता चला कि आरोपी ने अपने मोबाइल से कई फर्जी ईमेल आईडी बनाकर खुद को विभिन्न संस्थाओं का अधिकारी बताकर प्रार्थी को भ्रमित किया और सुनियोजित तरीके से ठगी को अंजाम दिया।पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। वह पहले बैंक में डायरेक्ट सेलिंग एजेंट के रूप में काम कर चुका है और उसने अपनी बैंकिंग जानकारी का दुरुपयोग किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो वाहन थार और वेन्यू मोबाइल फोन, टैबलेट और लैपटॉप जब्त किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी आशंका है और उनकी पहचान की जा रही है।आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के लिए अदालत में पेश किया गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS