Explore

Search

April 3, 2026 11:17 am

कानाफूसी

पीडब्ल्यूडी की बड़ी उपलब्धि, किसकी होगी बल्ले-बल्ले


वित्तीय वर्ष की समाप्ति किसी विभाग के लिए उपलब्धि लाए या ना लाए, पीडब्ल्यूडी के लिए बेहद उत्साहजनक और उपलब्धियों भरा रहा है, यह कहें तो ना तो अचरज की बात है और ना ही,अतिश्योक्ति। जनसंपर्क विभाग ने अपने आधिकारी सोशल मीडिया में इस उपलब्धि का विस्तार से यशगान भी किया है। चलिए आगे बढ़ते हैं, बजट बढ़ा, काम ज्यादा आया तो अब किसकी बल्ले-बल्ले होगी। जाहिर सी बात है, अफसर और कांट्रेक्टर और अफसर के टेबल से कुछ दूरी पर बैठने वाले बड़े बाबू की ही पौ बारह रहेगी। काम ज्यादा देने और काम के बाद बिल पास करने के एवज में जो कुछ लगता है या जो सहज भाव से देना पड़ता है, वह सब औपचारिकता तो पूरी करनी ही पड़ेगी। सौ टके की बात यही,लक्ष्मी की कृपा बरसती रहेगी और बनी रहेगी। बजट और फंड जो बढ़ गया।

जगदलपुर अब कालापानी नहीं, डेस्टिनेशन बन गया


दशकों की पीड़ा और दंश से अब जाकर हम सब मुक्त हो पाए हैं। देश में हमने,आपने और सबने वह दौर देखा है जब देश के अन्य राज्यों में हम नक्सल पीड़ित राज्य के रूप में जाने जाते थे और छत्तीसगढ़ की गिनती नक्सल पीड़ित प्रांत के रूप में होती थी। बस्तर के अंदरुनी इलाके को छोड़िए किसी सरकारी मुलाजिम का बिलासपुर,रायपुर, और छोटे शहरों से जगदलपुर ट्रांसफर हो जाता था,तब लोग संबंधित मुलाजिम को अच्छी नजरों से नहीं देखते थे, मुंह से निकल ही जाता था, फलां को कालीपानी की सजा मिल गई है। समय के बाद अब यह नजरिया भी बदल गया है। नक्सल मुक्त होते ही जगदलपुर ट्रांसफर अब सरकारी मुलाजिमों के लिए डेस्टिनेशन हो गया है। अब जुमला भी बदल गया है। कालापानी की जगह नौकरी करो और पर्यटन का मजा लो, हो गया है। पर्यटक बनकर जाइए और मजे से नौकरी करिए, बस्तर के प्राकृतिक सौंदर्य का जी भरकर लुत्फ उठाइए।

गजब की व्यवस्था, शान से निकली मारुतिनंदन की शोभायात्रा


इसे कहते हैं लॉ एंड ऑर्डर, चुस्त और दुरुस्त व्यवस्था, ड्रोन से निगरानी, सीसीटीवी कैमरे की पैनी निगाहें और सादी वर्दी में ड्यूटी करते जवान। सब-कुछ तो नजर आया, मारुतिनंदन की शोभायात्रा में। शान से निकली शोभायात्रा। पूरा शहर केसरिया रंग में रंगा रहा। हर जगह उल्लास और उत्साह की बाढ़। यह सब कैसे हुआ, जाहिर सी बात है, तगड़ी पुलिसिंग और चुस्त व्यवस्था से ही यह सब संभव हो पाया। जिले के पुलिस कप्तान की चौकस व्यवस्था के कारण ना तो ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी और ना ही शहरवासियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से शोभायात्रा का आनंद उठाने आए लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक आराम से चलते रहा और शोभायात्रा शान से निकलती रही। जिले के कप्तान और उनकी टीम को एक शाबासी तो बनती है।

आपका मिला उत्साह, जिले में हमने रचा इतिहास


कुछ अपनी और आपकी बातें भी हो जाए, जिले में हमने आपके सहयोग और उत्साह से इतिहास रचने का काम किया है। यह हमारी नहीं आपके स्नेह और अपनापन का कीर्तिमान है। CBN.36 बिलासपुर जिले का ऐसा पहला डिजिटल वेबसाइट है, जिसका अपना खुद का तकनीक से लैस ऑफिस का शुभारंभ हुआ है। अग्रसेन चौक के पास कुबेर प्लाजा में तकनीक से लैस सुव्यवस्थित भव्य वेबसाइट के आफिस का शुभारंभ रामनवमी के शुभ अवसर हमने शुभारंभ किया है। यह सब आपके स्नेह और उत्सहवर्धन का प्रतिफल है। हम आपको विश्वास दिलाते हैं, सोशल मीडिया के मौजूदा दौर में स्वस्थ्य और स्वच्छ पत्रकारिता को आगे बढ़ाते रहेंगे। हम आपको भरोसा दिलाते हैं और भरोसा करते हैं, आपको स्नेह और विश्वास हम पर बना रहेगा। हम पत्रकारिता के दौर को आपके साथ मिलकर यूं ही आगे बढ़ाते रहेंगे।

अटकलबाजी

पीडब्ल्यूडी का बजट इस बार बीते साल की तुलना में तीन गुना बढ़ गया है। बजट बढ़ने विभाग के बड़े अफसर और मुंहलगे की खुशी का ठिकाना नहीं है। अभी से ही प्लान बनाने लगे हैं। जरा पता लगाइए, किन अफसरों के चेेंबर में लक्ष्मी गणेश जी आदमकद फोटो शोभायमान हो रही है।

सियासत में एक बार फिर अटकलें लगाई जा रही है, मंत्रिमंडल रिसफल की, मई में रिसफल की बातें धीमी आवाज में ही सही, होने लगी है। पता करिए, ये अफवाह है या फिर हकीकत, अगर हकीकत है, तो फिर कौन-कौन इन होंगे और आउट होने वालों में किनके नाम है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS