बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के फरार कांग्रेस नेता टाकेश्वर पाटले की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जनपद अध्यक्ष पर फायरिंग के मामले में पहले से फरार चल रहे पाटले के खिलाफ अब जमीन कब्जाने का एक और मामला दर्ज किया गया है। मस्तूरी पुलिस ने दयालबंद निवासी मेडिकल स्टोर संचालक की शिकायत पर उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 329 और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दयालबंद में रहने वाले नब कुमार मंडल (62) होम्योपैथी दवाओं की दुकान चलाते हैं। उन्होंने अपनी बेटियों के नाम पर वर्ष 2010 में दर्रीघाट क्षेत्र में लगभग एक एकड़ जमीन खरीदी थी। जमीन खरीदने के बाद से वे वहां खेती करवा रहे थे और नियमित रूप से उसकी देखरेख भी कराते थे। पीड़ित का आरोप है कि वर्ष 2022 में दर्रीघाट निवासी कांग्रेस नेता टाकेश्वर पाटले ने उक्त जमीन को अपना बताते हुए वहां खेती करने से मना कर दिया। विवाद बढ़ने पर नब कुमार मंडल ने फरवरी 2024 में राजस्व विभाग से जमीन का सीमांकन कराने के लिए आवेदन दिया। राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन किया और जमीन पर कब्जा नब कुमार मंडल का होना पाया। मंडल का कहना है कि सीमांकन के कुछ ही दिनों बाद टाकेश्वर पाटले ने दोबारा जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। उसने खेत के चारों ओर घेराबंदी करा दी और वहां बोरिंग भी करवा दिया। इसके चलते जमीन पर खेती करना मुश्किल हो गया। जब मंडल अपने खेत की जोताई कराने पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और वहां से भगा दिया। लगातार हो रही परेशानी के बाद नब कुमार मंडल ने फरवरी 2026 में इसकी लिखित शिकायत एसएसपी रजनेश सिंह से की। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में जमीन पर कब्जा और धमकी देने की बात सामने आने पर मस्तूरी पुलिस ने कांग्रेस नेता टाकेश्वर पाटले के खिलाफ बीएनएस की धारा 329 और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया।
जनपद उपाध्यक्ष पर फायरिंग के मामले में एसएसपी ने की इनाम की घोषणा
गौरतलब है कि टाकेश्वर पाटले पहले से ही मस्तूरी जनपद अध्यक्ष पर फायरिंग के मामले में फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अब जमीन कब्जाने के मामले में भी अपराध दर्ज होने के बाद उसकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। आरोपी की सूचना देने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने पांच हजार रुपए इनाम की घोषणा की है।
प्रधान संपादक


