Explore

Search

June 6, 2026 4:14 pm

विश्व पर्यावरण दिवस पर हिंदी विश्वविद्यालय एवं सामाजिक वनीकरण विभाग द्वारा पौधारोपण

वर्धा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 05 जून को महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय तथा महाराष्ट्र शासन के सामाजिक वनीकरण विभाग, वन परिक्षेत्र वर्धा द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया।

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के गांधी हिल्स परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बादाम, नीम, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम ‘प्रकृति के साथ जीना’ (Living with Nature) एवं ‘जलवायु कार्रवाई’ पर आधारित है, जिसके अंतर्गत जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

इसी क्रम में महाराष्ट्र शासन के सामाजिक वनीकरण विभाग, वन परिक्षेत्र वर्धा द्वारा एम.आई.डी.सी. स्थित नर्सरी में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जामुन, नीम एवं अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर वर्धा जिले में पाई जाने वाली विभिन्न देशी आम प्रजातियों की गुठलियों का संग्रह कर उन्हें नर्सरी में रोपण हेतु वन विभाग को सौंपा गया। इन गुठलियों से तैयार होने वाले पौधों को भविष्य में विभिन्न स्थानों पर रोपित किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी बी.एस. मिरगे, मानद वन्यजीव प्रतिपालक कौशल मिश्र एवं एडवोकेट ताम्रध्वज बोरकर की पहल पर कारंजा वन परिक्षेत्र से देशी आमों की गुठलियों की पहली खेप संकलित की गई। सामाजिक वनीकरण विभाग ने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए संबंधित सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।

विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में विद्यार्थी कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अवधेश कुमार, विधि विद्यापीठ के अधिष्ठाता प्रो. जनार्दन कुमार तिवारी, मुख्य छात्रावास अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन राय, वित्ताधिकारी पी. सरदार सिंह, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

वहीं सामाजिक वनीकरण विभाग के कार्यक्रम में सहायक वनसंरक्षक अंकिता तेलंग, वनपरिक्षेत्र अधिकारी संगीता ढोबळे, मुख्य लेखापाल प्रीति पुसनाके, लेखापाल कल्पना सोनवणे, वनपाल उमेश बावणे, चंद्रशेखर कुटारे, सतीश उरकुडे, वनरक्षक विजय दिघोळे, मानद वन्यजीव प्रतिपालक कौशल मिश्र, जनसंपर्क अधिकारी बी.एस. मिरगे तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

दोनों संस्थाओं ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा हरित भविष्य के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS