Explore

Search

February 28, 2026 11:57 am

ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार, मास्टरमाइंड पहले से जेल में

बिलासपुर। सकरी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का मास्टरमाइंड पहले से ही आर्म्स एक्ट के एक प्रकरण में जेल में बंद है। पुलिस अब न्यायालय की अनुमति लेकर उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत भी गिरफ्तार करने की तैयारी कर रही है।

सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सकरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक मेंड्रा रोड पर ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तालापारा निवासी हामिद अंसारी (33) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से जिपर पैकेट में 840 मिलीग्राम नशीली ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस की पूछताछ में हामिद ने बताया कि उसे यह ब्राउन शुगर रामा लाइफ कॉलोनी निवासी ईशान मंडलोई से मिलती थी, जिसे वह अलग-अलग स्थानों पर बेचता था। उसने यह भी बताया कि मंगला के अभिषेक नगर निवासी अमन तिवारी के साथ मिलकर ईशान मंडलोई प्रयागराज से ब्राउन शुगर और पिस्टल लेकर आया था। इसके बाद पुलिस ने अमन तिवारी और ईशान मंडलोई के ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ईशान मंडलोई के घर से करीब 25 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। हालांकि, दोनों आरोपियों के मकानों से कोई पिस्टल नहीं मिली। पुलिस जांच में सामने आया कि ईशान मंडलोई पहले से ही आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल में बंद है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ईशान मंडलोई इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। वह पहले से जेल में बंद होने के कारण फिलहाल गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत भी गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी।

मां बीईओ और पिता रिटायर्ड प्रोफेसर, बेटा नशे के कारण अपराध की राह पर

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ईशान मंडलोई का पारिवारिक बैकग्राउंड काफी सशक्त रहा है। उसकी मां प्रतिमा मंडलोई मुंगेली जिले के पथरिया ब्लॉक में बीईओ के पद पर पदस्थ हैं, जबकि उसके पिता बंशीलाल मंडलोई रिटायर्ड प्रोफेसर हैं। पुलिस के मुताबिक, ईशान पढ़ाई के दौरान ही नशे की लत में पड़ गया था। धीरे-धीरे नशे की लत ने उसे अपराध की दुनिया की ओर धकेल दिया। फिलहाल सकरी पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे का यह कारोबार किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS