Explore

Search

May 31, 2026 7:46 pm

13 किलोमीटर पैदल चलकर स्वास्थ्य टीम पहुंची बड़ेपल्ली, 227 ग्रामीणों की हुई जांच

रायपुर, मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय की पहल पर संचालित मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत दंतेवाड़ा जिले के सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बैलाडीला क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम बड़ेपल्ली तक पहुंचने के लिए 13 किलोमीटर का कठिन पहाड़ी मार्ग पैदल तय किया और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

गांव में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 227 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान मलेरिया, सिकल सेल, हीमोग्लोबिन, मधुमेह और रक्तचाप सहित विभिन्न आवश्यक जांचें की गईं। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को उपचार प्रदान किया गया तथा निशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

शिविर में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की विशेष स्वास्थ्य जांच की गई। एक उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिला को बेहतर उपचार एवं सुरक्षित प्रसव के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित 12 मरीजों को आगे की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को आयुष्मान भारत योजना की जानकारी दी तथा सुरक्षित मातृत्व, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के माध्यम से दूरस्थ और पहुंचविहीन क्षेत्रों के लोगों को उनके घरों के निकट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अभियान से न केवल उपचार सुविधाएं पहुंच रही हैं, बल्कि ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य तंत्र के प्रति विश्वास भी बढ़ रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS