
“वर्ष 2026 में अब तक कुल 3356 वाहन चालकों पर ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में हुई कार्रवाई पुलिस का कहना अभियान उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना”
रायपुर।राजधानी में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस कार्रवाई जारी है। देर रात शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर चलाए गए विशेष जांच अभियान में 58 नशेड़ी वाहन चालक पुलिस के हत्थे चढ़ गए। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर एसीपी यातायात सतीष ठाकुर के नेतृत्व में शहर के नौ प्रमुख स्थानों पर एक साथ चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चला रहे 44 कार चालक, 5 बाइक चालक, 3 ट्रक चालक सहित टाटा एस, मेटाडोर, माजदा, ट्रैक्टर, ई-रिक्शा और पिकअप वाहन चालकों को पकड़ा गया।
यातायात पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक कुल 3356 वाहन चालकों पर ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान किसी लक्ष्य पूर्ति के लिए नहीं बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
जांच अभियान के दौरान तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भट्ठागांव, टाटीबंध, कालीबाड़ी, जयस्तंभ, भनपुरी तथा पंडरी थाना क्षेत्र सहित प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की गई। संदिग्ध चालकों का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया, जिसमें 58 लोग नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर अपराध है, जो चालक के साथ-साथ अन्य राहगीरों की जान को भी खतरे में डालता है। पुलिस ने नागरिकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


