रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 134वीं कड़ी में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय मंच पर विशेष पहचान मिली। प्रधानमंत्री ने जशपुर के युवा धावक अनिमेष कुजूर की उपलब्धि और बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक मल्हार में मिली प्राचीन ताम्र-पट्टिकाओं का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ कार्यक्रम का श्रवण किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का उल्लेख पूरे प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। इससे प्रदेशवासियों की मेहनत, प्रतिभा और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जशपुर जिले के घुइटांगर गांव के युवा धावक अनिमेष कुजूर का उल्लेख कर प्रदेश के युवाओं को प्रेरित किया है। उन्होंने बताया कि अनिमेष ने 100 मीटर दौड़ 10.15 सेकंड में पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है और राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए क्वालीफाई किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री और अनिमेष के बीच हुई बातचीत ने यह संदेश दिया कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाले युवा भी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने खेलों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने वाले प्रधानमंत्री के संदेश की भी सराहना की।
मुख्यमंत्री ने मल्हार में मिली प्राचीन ताम्र-पट्टिकाओं के उल्लेख को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि 1400 से 1500 वर्ष पुरानी मानी जा रही ये ताम्र-पट्टिकाएं पांडुवंशी शासनकाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जानकारी का महत्वपूर्ण स्रोत हैं। ब्राह्मी लिपि और पाली भाषा में लिखी गई यह धरोहर छत्तीसगढ़ के गौरवशाली अतीत का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच से ऐसे विषयों का उल्लेख किए जाने से विरासत संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ती है।इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, सीजीएमएससी के चेयरमैन दीपक म्हस्के सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और आमजन उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


