बिलासपुर।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 15 मई से 5 जून तक चल रहे इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ और सतत भविष्य के निर्माण में योगदान देना है।

अभियान के तहत 29 एवं 30 मई को मंडल के सभी कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों, विद्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण किया गया। रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण में भाग लिया। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष बल दिया गया।
रेलवे विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन विषय पर प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए पर्यावरणीय चुनौतियों, संरक्षण उपायों और सतत विकास के प्रति अपनी समझ का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी लिया।

मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर “एक स्टेशन एक उत्पाद” योजना के तहत स्थानीय और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए यात्रियों को जागरूक किया गया। इस दौरान प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े और जूट के थैलों के उपयोग को प्रोत्साहित किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
यांत्रिक विभाग द्वारा कोचिंग डिपो बिलासपुर में विभिन्न यात्री ट्रेनों के बायोटॉयलेटों का निरीक्षण कर उनकी सुचारु कार्यप्रणाली सुनिश्चित की गई। वहीं, वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों एवं पर्यवेक्षकों ने स्टेशनों और प्लेटफार्मों पर यात्रियों को रेलवन ऐप डाउनलोड करने, ऑनलाइन टिकट बुकिंग तथा डिजिटल भुगतान की जानकारी प्रदान की। इस पहल का उद्देश्य कागज के उपयोग को कम करना और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देना है।

अभियान के दौरान यात्रियों और आम नागरिकों को ई-वेस्ट के वैज्ञानिक संग्रहण, सुरक्षित निस्तारण और पुनर्चक्रण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि पर्यावरण प्रदूषण को कम करने और संसाधनों के पुनः उपयोग को प्रोत्साहन मिल सके।
मंडल रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों एवं नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग को अपनाकर हरित, स्वच्छ और सतत भविष्य के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।
प्रधान संपादक


