रायगढ़, 31 मई। रायगढ़ पुलिस और आईएमए रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में उर्दना स्थित पुलिस लाइन में रविवार को मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 400 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, जांच और दवाइयों का लाभ लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसएसपी शशि मोहन सिंह वरिष्ठ चिकित्सक प्रकाश मिश्रा आईएमए अध्यक्ष प्रभात पटेल तथा सचिव राजकुमार गुप्ता की उपस्थिति में हुआ।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों की व्यस्त कार्यशैली के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। ऐसे शिविरों से बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान और समय पर उपचार संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जवान ही अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन कर सकता है।

शिविर में मेडिसिन, सर्जरी, ईएनटी, नेत्र, त्वचा, अस्थि रोग, किडनी, दंत, बाल रोग, मनोरोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान कीं। साथ ही ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी और ईको जैसी जांचें नि:शुल्क की गईं।

महिलाओं में बढ़ते सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर के जोखिम को देखते हुए मोबाइल कैंसर केयर एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई, जिसमें 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की विशेष जांच की गई।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कई पुलिसकर्मियों में उच्च रक्तचाप और ब्लड शुगर जैसी समस्याओं की पहचान होने की जानकारी दी। चिकित्सकों ने दवाइयों के साथ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दी।


कार्यक्रम के अंत में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आईएमए रायगढ़, विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर आयोजित करने की बात कही।
प्रधान संपादक


