युवा अपनी शक्ति और सामर्थ्य का उपयोग देशहित में करें : प्रो. कुमुद शर्मा
वर्धा, 20 फरवरी।महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी शक्ति और सामर्थ्य का उपयोग राष्ट्रहित एवं मानवहित में करना चाहिए, ताकि उनकी ऊर्जा से देश और समाज को नई दिशा और गति मिल सके।
प्रो. शर्मा विश्वविद्यालय के माधवराव सप्रे सभागार में मेरा युवा भारत, वर्धा (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा आयोजित अंतर जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित कर रही थीं। यह कार्यक्रम 16 से 20 फरवरी तक आयोजित किया गया।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और आचार्य विनोबा भावे ने त्याग और तपस्या के माध्यम से युवाओं के समक्ष एक आदर्श प्रस्तुत किया है, जिसे आज के युवाओं को अपनाने की आवश्यकता है। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि स्वस्थ संवाद के माध्यम से युवाओं को संवाद की संस्कृति विकसित करनी चाहिए। पूरे देश को युवाओं की शक्ति और सामर्थ्य पर भरोसा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में उनकी निर्णायक भूमिका होगी।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत, वर्धा के उपनिदेशक शिवधन शर्मा ने बताया कि यह आदान-प्रदान कार्यक्रम पुणे और वर्धा जिलों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक सेतु के रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत पुणे जिले से आए 38 युवाओं ने वर्धा की ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति, खान-पान, रहन-सहन और पर्यावरण का अध्ययन किया।

समापन समारोह के उपरांत शिवधन शर्मा, विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी बी.एस. मिरगे तथा सतीश इंगोले द्वारा प्रतिभागी युवाओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्रतिभागी प्रतीक और वैष्णवी ने पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के चित्र पर सूतमाला अर्पित कर किया गया। कुलपति प्रो. शर्मा का स्वागत शिवधन शर्मा ने सूतमाला और स्मृतिचिह्न भेंट कर किया। कार्यक्रम का संचालन श्रावणी ने किया, जबकि सानिया ने आभार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर प्रो. फरहद मलिक, प्रो. कृपाशंकर चौबे, डॉ. रेणु सिंह, डॉ. निशीथ राय, डॉ. वीरेंद्र यादव, डॉ. गीता साहु, आनंद भारती सहित मेरा युवा भारत, वर्धा कार्यालय के दयाराम रामटेके, शुभम ताकसांडे, सागर गजभिये, दीक्षांत टेंभरे, नितेश बेसेकर तथा पुणे जिले से आए प्रतिभागी युवा उपस्थित थे।
प्रधान संपादक


