Explore

Search

February 19, 2026 8:50 pm

ड्यूटी के दौरान हादसे में शहीद आरक्षक के परिजनों को एसएसपी ने सौंपा,एक करोड़ का सहायता चेक

एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि आरक्षक राकेश डहरिया एक कर्तव्यनिष्ठ, साहसी एवं अनुशासित कर्मचारी थे और उनका आकस्मिक निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति

मुंगेली।जिला मुंगेली के थाना पथरिया में पदस्थ आरक्षक राकेश डहरिया के ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन के उपरांत उनके आश्रित परिवार को राज्य शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली आईपीएस भोजराम पटेल ने गुरुवार को दिवंगत आरक्षक की धर्मपत्नी श्रीमती नागेश्वरी डहरिया को भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से 1 करोड़ का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर एसएसपी ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि जिला पुलिस परिवार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।

उल्लेखनीय है कि आरक्षक राकेश डहरिया का 24 जून 2025 को ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। पुलिस सैलरी पैकेज योजना का उद्देश्य ड्यूटी के दौरान आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में पुलिस कर्मियों के आश्रित परिवार को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है।

इस संबंध में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया मुख्य शाखा बड़ा बाजार मुंगेली के शाखा प्रबंधक श्री राहुल रंजन सिंह ने बताया कि केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा बैंकों के माध्यम से पुलिस सैलरी पैकेज योजना संचालित की जाती है, जिसके अंतर्गत शहीद अथवा ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन की स्थिति में आश्रित परिवार को निर्धारित आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाती है।

पुलिस विभाग ने बताया कि सैलरी पैकेज योजना के अतिरिक्त दिवंगत आरक्षक के परिजनों को अन्य शासकीय देय लाभ, अनुग्रह राशि, जीपीएफ, ग्रेच्युटी एवं अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया भी नियमानुसार प्रचलन में है।

नागेश्वरी डहरिया ने शासन, पुलिस प्रशासन एवं बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया

आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर श्रीमती नागेश्वरी डहरिया ने शासन, पुलिस प्रशासन एवं बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि आरक्षक राकेश डहरिया एक कर्तव्यनिष्ठ, साहसी एवं अनुशासित कर्मचारी थे और उनका आकस्मिक निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।

इस पूरी प्रक्रिया में निरीक्षक एम मदनलाल शुक्ला, उप निरीक्षक अमन कश्यप प्रधान आरक्षक वेदसिंह सोंड्रे तथा बैंक प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS