अपराध समीक्षा बैठक में लंबित अपराधों के त्वरित निकाल, बीट सिस्टम सुदृढ़ करने के निर्देश,बदमाशों की धरपकड़ तेज करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और विजुवल पुलिसिंग के तहत नियमित कार्रवाई के निर्देश

ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंश तस्करी और ऑपरेशन आघात में अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करने कहा गया
रायगढ़।उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। किसी भी थाना क्षेत्र में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह निर्देश उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक के दौरान जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं शाखा प्रमुखों को दिए। बैठक में लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए उन्होंने गंभीर मामलों की विवेचना की गुणवत्ता में सुधार पर जोर दिया।
एसएसपी सिंह ने निर्देश दिए कि जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग से पूर्व सभी राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने अनुविभाग स्तर पर थाना प्रभारी एवं विवेचकों की बैठक लें। विवेचकों के मार्गदर्शन हेतु नियमित कार्यशालाएं आयोजित करने तथा मारपीट, जुआ-सट्टा एवं आबकारी जैसे सामान्य अपराधों का सात दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट, शराब मुलाहिजा रिपोर्ट या पटवारी नक्शा जैसे कारणों से प्रकरण लंबित न रहें, इसके लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए एसएसपी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक बीट प्रभारी अपने क्षेत्र की संपूर्ण जानकारी रखे, ताकि किसी भी घटना, दुर्घटना अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचे। बैठक में लंबित अपराध, गुम इंसान, मर्ग और शिकायतों की समीक्षा कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात डीएसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही हिट एंड रन मामलों की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
बैठक में रेंज स्तरीय सशक्त ऐप के अधिकतम उपयोग से चोरी के वाहनों को ट्रेस करने, जिले के सीसीटीवी कैमरों को त्रिनयन ऐप से जोड़ने तथा बीट स्तर पर अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर प्रहरी से जोड़ने के निर्देश दिए गए। थाना आने वाले प्रत्येक नागरिक से अनुभव गूगल फॉर्म के माध्यम से फीडबैक लेने और नवीन कानूनों के तहत रजिस्टरों के विधिवत संधारण पर भी जोर दिया गया।
आगामी होली पर्व को देखते हुए असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विजुवल पुलिसिंग के तहत प्रतिदिन तीन सवारी, ड्रिंक एंड ड्राइव जैसे यातायात उल्लंघनों पर सख्ती से कार्रवाई करने को कहा गया।

एसएसपी ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंश तस्करी पर विशेष निगरानी रखते हुए सतत कार्रवाई करने तथा ऑपरेशन आघात के अंतर्गत अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध जिलेभर में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाना क्षेत्रों में अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं वैश्यावृत्ति जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में संचालित नहीं होने दिया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, हेडक्वार्टर डीएसपी सुशांतो बनर्जी सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रमुख उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


