Explore

Search

April 5, 2026 7:59 pm

पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, महिला श्रमिक झुलसी

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक पेंट और पुट्टी फैक्ट्री में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री उसकी चपेट में आ गई। घटना के समय मौजूद श्रमिकों ने भागकर अपनी जान बचाई। हादसे में एक महिला श्रमिक झुलस गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया में अनव इंडस्ट्री का संचालन नरेश सुल्तानिया द्वारा किया जाता है। यहां वाल पेंट, पुट्टी और टाइल्स का निर्माण होता है। सोमवार दोपहर श्रमिकों ने परिसर से धुआं उठता देखा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर महिला श्रमिक रेखा विश्वकर्मा झुलस गई। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। श्रमिकों ने बताया कि जिस हिस्से में आग लगी, वहां भारी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल रखा था। आग भड़कने के कुछ देर बाद केमिकल से भरे ड्रम फूटने लगे, जिससे हालात और गंभीर हो गए। विस्फोट की आशंका के चलते पुलिस ने भीड़ को दूर हटाया और सुरक्षा घेरा बनाकर बचाव कार्य कराया। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि फैक्ट्री में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। ज्वलनशील केमिकल खुले हिस्से में रखे गए थे और आग बुझाने के साधनों की कमी के कारण स्थिति बेकाबू हो गई।
फायर स्टेशन की मांग को अनदेखा कर रहा प्रशासन
गौरतलब है कि सिरगिट्टी, तिफरा और सिलपहरी औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से फायर स्टेशन की मांग उठती रही है। दिसंबर 2025 में सिरगिट्टी स्थित एक फर्नीचर कारखाने में आग लगने से दो श्रमिकों की मौत हो गई थी। इसके बाद भी औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है। लगातार हो रहे हादसे सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS