Explore

Search

February 3, 2026 1:48 pm

पुलिसिंग का मतलब केवल अधिकार नहीं, भरोसा भी है : कमिश्नर आईपीएस डॉ संजीव शुक्ला

पुलिस कमिश्नर डॉ शुक्ला ने पुलिसकर्मियों से कहा स्वच्छ वेशभूषा, अनुशासित कार्यशैली और मर्यादित व्यवहार अपनाये, संवेदनशील पुलिस बल ही समाज में विश्वास पैदा कर सकता है,अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं

रायपुर।कमिश्नरी प्रणाली ने पुलिस को प्रशासनिक रूप से अधिक अधिकार दिए हैं लेकिन इसकी वास्तविक सफलता का पैमाना आम नागरिक का भरोसा है। इसी बिंदु को केंद्र में रखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नर आईपीएस डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग का अर्थ केवल कानून लागू करना नहीं बल्कि नागरिकों की अपेक्षाओं को समझना और उनका सम्मान करना भी है।

शंकर नगर स्थित सभागार में आयोजित सेमिनार में आरक्षक स्तर से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक को संबोधित करते हुए कमिश्नर डॉ शुक्ला ने कहा कि बेसिक पुलिसिंग सभ्य व्यवहार धैर्यपूर्वक सुनवाई और वैधानिक समाधान जनविश्वास की आधारशिला है। उन्होंने स्वीकार किया कि शिकायत निवारण की प्रक्रिया में अभी भी सुधार की गुंजाइश है और इसे संवेदनशीलता तथा आत्ममंथन के साथ दूर किया जाना चाहिए।

कमिश्नर ने विजिबल पुलिसिंग को महज़ औपचारिक उपस्थिति नहीं बल्कि नागरिकों में सुरक्षा की भावना जगाने का माध्यम बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि यह व्यवस्था वरिष्ठ अधिकारियों की सतत निगरानी में संचालित हो ताकि आमजन स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे।

डॉ. शुक्ला ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के प्रति कानून पूरी सख्ती से लागू होगा, लेकिन आम नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार सहयोगात्मक और मानवीय रहेगा। उन्होंने स्वच्छ वर्दी, अनुशासित कार्यशैली और मर्यादित आचरण को कमिश्नरी व्यवस्था की विश्वसनीयता से जोड़ा।

पुलिस कमिश्नर डॉ शुक्ला ने पुलिसकर्मियों को स्वच्छ वेशभूषा, अनुशासित कार्यशैली और मर्यादित व्यवहार अपनाने की अपील करते हुए कहा कि एक सजग, अनुशासित और संवेदनशील पुलिस बल ही समाज में विश्वास पैदा कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सेमिनार के दौरान कमिश्नरेट के प्रमुख जोन अधिकारियों का उनके अधीनस्थ अधिकारियों से परिचय कराया गया। डीसीपी नॉर्थ ज़ोन मयंक गुर्जर डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल और डीसीपी सेंट्रल ज़ोन उमेश प्रसाद गुप्ता ने अपने-अपने जोन की प्राथमिकताओं और कार्यक्षेत्र की जानकारी दी। 

इस अवसर पर एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल, एडिशनल डीसीपी अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी राहुद देव शर्मा, एडिशनल डीसीपी आकाश मरकाम सहित समस्त एसीपी एवं थाना प्रभारीगण उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS