Explore

Search

August 6, 2026 11:51 am

कांग्रेस का चक्काजाम राजनीतिक नौटंकी, साय सरकार में धान खरीदी ऐतिहासिक : बी.पी. सिंह

बिलासपुर,मस्तूरी।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मस्तूरी द्वारा प्रस्तावित चक्काजाम को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता बी.पी. सिंह ने कांग्रेस के इस आंदोलन को किसानों के नाम पर की जा रही राजनीतिक नौटंकी बताया है।

प्रदेश प्रवक्ता बी.पी. सिंह ने कहा कि साय सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में धान खरीदी अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। इसके बावजूद कांग्रेस द्वारा चक्काजाम का आह्वान यह दर्शाता है कि कांग्रेस के पास न कोई ठोस मुद्दा है और न ही कोई नीति, केवल भ्रम फैलाने की राजनीति शेष रह गई है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान खरीफ विपणन वर्ष में 27 जनवरी तक प्रदेश में 1 लाख 30 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। प्रदेश में पंजीकृत 27 लाख किसानों में से 24 जनवरी तक 24 लाख से अधिक किसान समर्थन मूल्य पर अपना धान बेच चुके हैं। सरकार द्वारा एक-एक दाना खरीदा जा रहा है तथा भुगतान निर्धारित समय-सीमा में सीधे किसानों के खातों में किया जा रहा है।

बी.पी. सिंह ने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि जब न तो भुगतान में देरी है, न तौल में परेशानी और न ही बारदाने की कोई कमी, तो चक्काजाम आखिर किस बात का किया जा रहा है।

उन्होंने कांग्रेस के पूर्व शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय किसानों को भुगतान के लिए महीनों तक भटकना पड़ता था और राशि चार किस्तों में मिलती थी। आज वही कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीति चमकाने सड़कों पर उतर रही है।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों पर यदि कहीं किसी प्रकार की समस्या आती है तो सरकार तत्काल समाधान कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर टोकन बढ़ाने जैसे निर्णय भी किसान हित में लिए जा रहे हैं।

बी.पी. सिंह ने कहा कि कांग्रेस का चक्काजाम न तो किसान हित में है और न ही प्रदेश हित में। यह आने वाले चुनावों को देखते हुए हताश कांग्रेस की सस्ती राजनीति का हिस्सा है।

उन्होंने जनता से अपील की कि कांग्रेस के भ्रमजाल में न आएं और साय सरकार की किसान हितैषी नीतियों पर विश्वास बनाए रखें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS