Explore

Search

October 8, 2026 6:09 am

एसएसपी के प्रहार अभियान से अपराधियों में हड़कंप,जिले भर में ताबड़तोड़ पुलिस कार्रवाई, 140 आरोपी गिरफ्तार

हथियारों पर सीधा प्रहार,अवैध हथियारों के साथ 5 आरोपी धराए,विशेष अभियान में 248 शिकायतों का मौके पर निराकरण

बिलासपुर।जिले में अपराध, गुंडागर्दी एवं असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध बिलासपुर पुलिस ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए निर्णायक और आक्रामक कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर आईपीएस रजनेश सिंह के नेतृत्व एवं सख्त निर्देश पर चलाए जा रहे प्रहार अभियान के तहत जिलेभर में एक साथ सघन पुलिस ऑपरेशन संचालित किया गया, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं एसीसीयू के समन्वय में सीएसपी एवं एसडीओपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में सभी थाना प्रभारियों द्वारा तड़के कॉम्बिंग गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने फरार आरोपियों, वारंटियों एवं निगरानी बदमाशों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए कुल 140 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

वारंटियों और फरार आरोपियों पर कसा शिकंजा

गिरफ्तार आरोपियों में 30 स्थायी वारंटी 69 गिरफ्तारी वारंटी 23 फरार आरोपी 06 निगरानी बदमाश संदिग्ध गुंडे शामिल हैं।सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

अवैध हथियार रखने वालों पर सीधी कार्रवाई

कॉम्बिंग गश्त एवं चेकिंग के दौरान थाना तोरवा, सिविल लाइन, कोनी एवं चकरभाठा थाना क्षेत्रों से 05 आरोपियों को अवैध एवं धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से हथियार बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत पृथक से प्रकरण दर्ज किया गया है।

जनसमस्याओं का त्वरित समाधान

इसी क्रम में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में 03 एवं 04 जनवरी 2026 को विशेष अभियान चलाकर आम नागरिकों से प्राप्त कुल 248 शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया गया। इनमें 125 सादरी (सामान्य) शिकायतें 123 स्थानीय शिकायतें शामिल हैं।

अपराधियों के लिए सख्त संदेश

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई अपराधियों के लिए स्पष्ट चेतावनी है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार चल रहे अभियानों से आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है, वहीं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

CRIME NEWS

BILASPUR NEWS