बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम कुकुर्दीकेरा में शराब के नशे में धुत एक युवक ने पड़ोसी महिला पर मुर्गा काटने वाले धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता ने किसी तरह जान बचाकर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पचपेड़ी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुकुर्दीकेरा निवासी भगवती पटेल (32) गृहिणी हैं। उनके पति रामजी पटेल मजदूरी करने पुणे गए हुए हैं। घर पर महिला अपने तीन छोटे बच्चों के साथ रहती है। बताया गया कि शुक्रवार की दोपहर वह घर पर अकेली थी, तभी पड़ोसी चंद्रकली केंवट शराब के नशे में उसके घर पहुंचा। आरोपी ने महिला से शराब पीने के लिए पानी मांगा। इस पर महिला ने पानी देने से इनकार किया और उसे नशे की हालत में देखकर घर से बाहर निकल गई। महिला चंद्रकली केंवट के घर की ओर जा ही रही थी कि तभी आरोपी भी पीछे से वहां पहुंच गया। उसने महिला से गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला ने जब विरोध किया तो आरोपी ने अचानक पास में रखे मुर्गा काटने वाले धारदार हथियार से उसके सिर और हाथ पर हमला कर दिया। हमले से महिला गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल भगवती पटेल को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। बाद में पीड़िता ने होश में आने पर पूरी घटना की जानकारी पचपेड़ी पुलिस को दी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चंद्रकली केंवट के खिलाफ हत्या के प्रयास, गाली-गलौज और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
प्रधान संपादक





