Explore

Search

November 5, 2026 5:10 pm

लांच होते ही लोन पर खरीदा मोबाइल, रात को हो गया चोरी

बिलासपुर। दयालबंद के अटल आवास में रहने वाले युवक का नया खरीदा हुआ मोबाइल घर से चोरी हो गया। खास बात यह है कि युवक ने हाल ही में लांच हुआ एप्पल 17 मोबाइल लोन पर खरीदा था। खरीदने के कुछ ही घंटे बाद ही चोरों ने उसे घर से हाथ साफ कर लिया। घटना के बाद पीड़ित युवक ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दयालबंद अटल आवास निवासी जावेद खान (23) निजी संस्थान में काम करता है। उसने बताया कि उसने 19 सितंबर को हाल ही में बाजार में लांच हुआ एप्पल 17 मोबाइल लोन पर खरीदा था। शुक्रवार की रात करीब 9.45 बजे वह दुकान से मोबाइल लेकर घर पहुंचा। घर आते ही उसने मोबाइल को चार्ज पर लगाया और अपने दोस्त को उसके घर छोड़ने के लिए राजेंद्र नगर चला गया। उस समय घर में उसका भाई जुनैद सो रहा था। करीब 45 मिनट बाद जब जावेद अपने घर लौटा और चार्ज पर लगाए मोबाइल को निकालने गया तो वहां मोबाइल नहीं था। उसने तत्काल अपने भाई को जगाकर मोबाइल के संबंध में पूछा, लेकिन भाई ने किसी भी जानकारी से इन्कार कर दिया। घर के सभी कमरों और आसपास तलाश करने के बाद भी मोबाइल का कोई पता नहीं चला। इसके बाद युवक ने तत्काल कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक मोबाइल चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल की लोकेशन ट्रैक करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में कोई परिचित तो शामिल नहीं है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
मोबाइल चोरी की इस घटना से क्षेत्र में चर्चा है, क्योंकि यह युवक का नया खरीदा हुआ और महंगा मोबाइल था। लोन पर खरीदा गया मोबाइल चोरी हो जाने से युवक बेहद परेशान है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS