Explore

Search

August 2, 2025 5:56 am

कार निकालने के विवाद में युवक पर चाकू से हमला, नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। कोनी क्षेत्र में कार निकालने के मामूली विवाद ने बुधवार रात खूनी रूप ले लिया। रिवर व्यू कॉलोनी निवासी सुरेश साहू पर चाकू, हॉकी स्टिक, क्रिकेट बैट और डंडे से जानलेवा हमला किया गया। हमले में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दो नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

डीएसपी सिद्धार्थ बघेल ने बताया कि सुरेश बुधवार की रात अपनी कार से दोस्त हर्ष यादव के हास्टल गया था। हास्टल के पास जगह कम होने के कारण उसने कार किनारे से निकाली। इसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ युवक गाली-गलौज करने लगे। सुरेश उनसे बिना कुछ कहे हास्टल चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद जब वह बाहर निकला तो बड़ी कोनी नाका निवासी अनुराग यादव, संजय बघेल और दो नाबालिगों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले हॉकी स्टिक, बैट और डंडे से सुरेश की पिटाई की। इसी दौरान एक नाबालिग ने चाकू से उसकी पीठ और पसली में दो बार वार कर दिया। सुरेश लहूलुहान हो गया और आरोपी मौके से भाग निकले। घायल सुरेश को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं हर्ष यादव की शिकायत पर कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। चारों के खिलाफ कोनी थाने में धारा 307 (हत्या के प्रयास) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार दो नाबालिगों को बाल न्यायालय में पेश किया गया, जबकि अन्य दो आरोपियों अनुराग यादव और संजय बघेल को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

CRIME NEWS

BILASPUR NEWS