Explore

Search

April 12, 2026 11:37 am

पर्स लूट के प्रयास में घायल महिला की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। मदनपुर निवासी विजय साहू की पत्नी की मौत उस समय हो गई जब बाइक सवार युवकों ने पर्स लूटने के प्रयास में उन्हें स्कूटर से गिरा दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान बुधवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों को सरगांव से गिरफ्तार कर लिया है।



कोनी टीआई किशोर केेंवट ने बताया कि विजय साहू सब्जी बेचने का काम करते हैं। एक मई को वे अपनी पत्नी रामेश्वरी साहू को लेकर मस्तूरी गए थे। वहां से शाम को दोनों स्कूटर से अपने गांव लौट रहे थे। करीब 6:30 बजे वे गतौरी स्थित पप्पू ढाबा के पास पहुंचे थे, तभी बिलासपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार युवकों ने रामेश्वरी के कंधे पर लटक रहे पर्स को लूटने का प्रयास किया। महिला ने पर्स को कसकर पकड़ लिया, लेकिन छिनाझपटी के दौरान पट्टी टूट गई और स्कूटर का संतुलन बिगड़ गया। इससे विजय और रामेश्वरी दोनों सड़क पर गिर पड़े।

गिरने से रामेश्वरी को सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं। विजय ने घटना की जानकारी अपने परिजन को दी और घायल पत्नी को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर वहां से उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन रामेश्वरी को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान बुधवार रात को उनकी मौत हो गई।

इधर, घटना के बाद सरगांव पुलिस ने लूटपाट के एक अन्य मामले में विजय यादव और उसके साथी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों युवकों ने गतौरी में विजय साहू की पत्नी से लूट के प्रयास की घटना में संलिप्तता स्वीकार की। कोनी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सरगांव भाग गए थे और वहां भी लूट की कोशिश की थी। फिलहाल दोनों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अन्य वारदातों में भी उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS