Explore

Search

February 3, 2026 10:58 pm

समाजसेवा की आड़ में ठगी: ममता शर्मा और संजय शर्मा पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज, दंपति फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर की कथित समाजसेवी ममता शर्मा और उनके पति संजय शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और वाहन हड़पने का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। फरियादी अनिल कुमार साहू की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी दंपति फरार हो गया है, और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

जमानत के नाम पर रची ठगी की साजिश

ग्राम बरमपुर, थाना खड़गवां निवासी अनिल कुमार साहू के अनुसार, वर्ष 2021 में ममता शर्मा ने उसकी पत्नी पुनीता साहू की जमानत दिलाने के नाम पर उसे अपने झांसे में लिया। इस दौरान, ममता ने एक स्टांप पेपर पर अनिल से हस्ताक्षर करवा लिए और फिर उसकी होंडा सिटी कार (CG 16CJ 2795) और पिकअप (CG 16A 2496) को अपने कब्जे में ले लिया।

जब अनिल साहू ने अपनी गाड़ियां वापस मांगीं, तो आरोपियों ने न केवल उसे धमकाया, बल्कि गाली-गलौज कर जान से मारने तक की धमकी दी।

पुलिस जांच में हुआ खुलासा, गवाहों ने की पुष्टि

पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच की, जिसमें अनिल साहू के आरोप सही पाए गए। इस धोखाधड़ी की पुष्टि गवाहों ने भी की है। इसके आधार पर पुलिस ने ममता शर्मा और संजय शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए उनके रायपुर स्थित आवास पर दबिश दी, लेकिन दोनों फरार हो चुके थे।

फरारी के बाद बढ़ी चर्चाएं, अन्य पीड़ितों की तलाश में पुलिस

इस मामले के उजागर होने के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है, क्योंकि ममता शर्मा खुद को समाजसेवी बताकर लोगों की मदद करने का दावा करती थी। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस ठगी का शिकार और भी लोग हुए हैं।

फिलहाल, रायपुर पुलिस आरोपी दंपति की तलाश में जुटी हुई है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और ठगी के पूरे मामले का पर्दाफाश होगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS