Explore

Search

April 20, 2026 5:09 pm

रिटायर शिक्षक पर पॉक्सो एक्ट का मामला, गिरफ्तारी पर 5 हजार का इनाम

पथरिया: पुलिस थाना पथरिया क्षेत्र में एक रिटायर शिक्षक सोहनलाल सिंगरौल (63) पर पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर आरोप दर्ज हुए हैं। यह मामला एक सरकारी स्कूल का है, जहां शिक्षक सेवानिवृत्ति के बावजूद पढ़ाने जाता था। शिक्षक पर एक नाबालिग छात्रा को धमकाकर छेड़छाड़ करने का आरोप है। पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद 25 अक्टूबर 2024 को परिजनों ने पथरिया थाने में मामला दर्ज कराया।

पुलिस ने छात्रा के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इस बीच, आरोपी ने पीड़िता के परिजनों से मामला खत्म करने के लिए दबाव बनाया और समझौता कराने का प्रयास किया। वहीं, पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है, लेकिन आरोपी हर बार फरार हो जाता है।

मुंगेली एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने जानकारी देने वालों का नाम गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है। यह पथरिया क्षेत्र में पहली बार है जब किसी शिक्षक पर ऐसा इनाम घोषित हुआ है।

आरोपी सोहनलाल प्रधान पाठक के पद से जून में रिटायर हुआ था। पेंशन बनने के बावजूद वह स्कूल जाकर छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करता था। पीड़िता की बहादुरी से मामला उजागर हुआ। गांव के अन्य पीड़ित परिवार लोकलाज के डर से चुप थे।

आरोपी की संपत्ति होगी कुर्क

पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए प्रयास कर रहा था, लेकिन उसकी याचिका खारिज हो गई। पुलिस को यह भी पता चला है कि आरोपी छत्तीसगढ़ से बाहर कहीं छिपा हुआ है। विभाग अब आरोपी की संपत्ति का आकलन कर कुर्की की तैयारी कर रहा है।

बीईओ पीएस बेदी ने कहा कि आरोपी जून में रिटायर हो चुका था। विभाग ने उसका पेंशन बना दिया था।

एसडीओपी नवनीत पाटिल ने बताया कि आरोपी फरार है। संपत्ति कुर्क करने की तैयारी है और इनाम घोषित किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS