Explore

Search

October 1, 2026 7:18 pm

संसद भवन में छत्तीसगढ़ का नेतृत्व करेंगी बिलासपुर की प्रशंसा पांडे

नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता प्रशंसा का शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ सम्मान

CBN36 बिलासपुर। संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने जा रहीं बिलासपुर की युवा प्रशंसा पांडे को उनके महाविद्यालय शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिलासपुर में सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं। महाविद्यालय के प्राचार्य कमलेश के नेतृत्व में प्राध्यापकों ने प्रशंसा पांडे का अभिनंदन किया और उनके राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रोफेसर मंजू माधुरी बाजपेयी, चौधरी, सिन्हा, सीमा मिश्रा और डॉ. पूजा शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकों ने प्रशंसा पांडे को सम्मानित किया। शिक्षकों ने उनके चयन को महाविद्यालय और बिलासपुर के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रशंसा पांडे का चयन 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। वह नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता हैं। इसके अलावा विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में भी उन्होंने राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। पिछले दो वर्षों से वह नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से विधानसभा स्तर पर युवाओं का प्रतिनिधित्व करती आ रही हैं।

युवा नेतृत्व के क्षेत्र में भी बनाई पहचान

युवा नेतृत्व के क्षेत्र में प्रशंसा पांडे को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से ‘यूथ आइकन’ की उपाधि भी प्राप्त है। यूथ आइकन के रूप में वह नशामुक्त भारत अभियान सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता कर चुकी हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी उन्होंने यूथ आइकन के रूप में सहभागिता की है।

संसद भवन के लिए उनका चयन उनके निरंतर परिश्रम, युवा नेतृत्व और राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय सहभागिता का परिणाम है। बिलासपुर की बेटी का संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का संदेश है।बिलासपुर की बेटी -छत्तीसगढ़ का गौरव

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS