Explore

Search

November 25, 2026 7:43 pm

कम धान बेचने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने के फैसले की उत्तर प्रदेश के खाद्य मंत्री ने की सराहना

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल को बताया किसान हितैषी, छत्तीसगढ़ की धान खरीदी व्यवस्था की ली जानकारी

CBN36 बिलासपुर, 25 नवंबर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने के निर्णय की उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने सराहना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस पहल को किसान हितैषी बताते हुए कहा कि इससे किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और उन्हें अपनी जरूरत के अनुसार धान बेचने की सुविधा प्राप्त होगी।

एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के खाद्य मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने सर्किट हाउस में खाद्य विभाग एवं सहकारी बैंक के अधिकारियों के साथ बैठक कर छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की व्यवस्था की जानकारी ली।

इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता देने का प्रावधान किया है। इससे ऐसे किसानों को भी योजना का पूरा लाभ मिलेगा, जो घरेलू जरूरतों अथवा अन्य कारणों से अपनी पूरी उपज का विक्रय नहीं करते हैं।

मंत्री पांडेय ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया। उन्होंने धान उपार्जन के लिए किसान पंजीयन, टोकन व्यवस्था, खरीदी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, धान की तौल और भुगतान की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी ली।

बैठक में अधिकारियों ने खाद्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और विभागीय गतिविधियों की प्रगति से भी अवगत कराया। चर्चा के दौरान किसानों एवं हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

इस अवसर पर खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम नितिन दीवान, जिला विपणन अधिकारी उपेंद्र खांडे, खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी, सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभात मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS