
नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और समाज सेवा को जीवन का लक्ष्य बनाने युवाओं से किया आह्वान
Cbn36 जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम कटघरी में बुधवार को सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में शामिल छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से सीधा संवाद कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य निर्माण के साथ जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनएसएस युवाओं में समाज सेवा की भावना विकसित करने, व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए युवा सामुदायिक गतिविधियों में भागीदारी कर समाज की समस्याओं को समझते हैं और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हैं।

पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को नशे से दूर रहने, अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने और पूरी मेहनत एवं लगन के साथ पढ़ाई करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर ही सफलता की राह आसान की जा सकती है। साथ ही उन्होंने युवाओं से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार, मित्रों तथा गांव के लोगों को भी नशामुक्ति एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने एनएसएस के माध्यम से समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और एक सुरक्षित, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए युवाओं को प्रेरित किया।इस अवसर पर ग्राम सरपंच सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक