Explore

Search

November 22, 2026 4:14 pm

राष्ट्रपति स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर प्रमाण-पत्र जांच शिविर का आयोजन, 104 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा

CBN36 बिलासपुर, 22 नवंबर 2026।राष्ट्रीय मुख्यालय, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, नई दिल्ली के तत्वावधान में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राज्य मुख्यालय बिलासपुर द्वारा राष्ट्रपति स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर प्रमाण-पत्र जांच परीक्षा-2026 के लिए पांच दिवसीय राज्य स्तरीय परीक्षण शिविर का आयोजन 19 से 23 नवंबर तक राज्य प्रशिक्षण केंद्र एसटीसी खोडरी में किया जा रहा है।

19 नवंबर को शिविर का शुभारंभ गरिमामय समारोह में पीयूष गुप्ता, अध्यक्ष, रेलवे भर्ती बोर्ड बिलासपुर एवं राज्य मुख्य आयुक्त तथा यू. शिव शंकर राव, राज्य सचिव एवं मंडल कार्मिक अधिकारी की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण एवं पूर्ण उत्साह के साथ परीक्षण में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रतिभागियों को कार्ड नंबर एवं टेस्ट कार्ड भी प्रदान किए गए।

तीन राज्यों के 104 प्रतिभागी शामिल

इस शिविर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश के कुल 104 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से 70, छत्तीसगढ़ से 28 तथा मध्य प्रदेश से 6 प्रतिभागी शामिल हैं। प्रतिभागियों में 13 स्काउट्स, 39 गाइड्स, 30 रोवर्स एवं 22 रेंजर्स हैं।

राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा नामित ऑब्जर्वर तथा तीनों संगठनों के आठ अधिकृत परीक्षकों द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम एवं मानकों के अनुरूप प्रतिभागियों का परीक्षण किया जा रहा है। इसमें उनके सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक ज्ञान, नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक दक्षता, अनुशासन, सेवा भावना तथा स्काउटिंग-गाइडिंग से जुड़े आवश्यक कौशलों का मूल्यांकन किया जा रहा है।

राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा राष्ट्रपति प्रमाण-पत्र

परीक्षण शिविर में सफल होने वाले प्रतिभागियों को अगले चरण में राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा सीबीटी में शामिल होना होगा। इस परीक्षा के माध्यम से अखिल भारतीय स्तर पर चयनित शीर्ष 120 सफल उम्मीदवारों को महामहिम राष्ट्रपति महोदया द्वारा राष्ट्रपति स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

शिविर के दूसरे दिन श्रीमती शिवरंजनी पोपली वर्मा, राज्य आयुक्त गाइड एवं उप मुख्य संरक्षा अधिकारी संकेत एवं दूरसंचार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने शिविर स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न परीक्षण गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा प्रतिभागियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

शिविर का आयोजन पीयूष गुप्ता, राज्य मुख्य आयुक्त के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन की व्यवस्थाओं में अनुराग कुमार सिंह, जिला आयुक्त स्काउट एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक का विशेष सहयोग मिल रहा है।

शिविर के सफल संचालन में धीरेन्द्र कुमार सिंह, राज्य आयुक्त वयस्क संसाधन-स्काउट यू. शिव शंकर राव, राज्य सचिव; श्रीमती शिवरंजनी पोपली वर्मा, राज्य आयुक्त गाइड श्रीमती अदिति दुबे, राज्य आयुक्त वयस्क संसाधन एवं अध्यक्ष, रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ तथा किशोर निखारे, उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं राज्य आयुक्त स्काउट का मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है।

शिविर का समन्वय एवं संचालन जी. लोकेश राव, राज्य संगठन आयुक्त स्काउट द्वारा राज्य मुख्यालय के पदाधिकारियों, राष्ट्रीय मुख्यालय के सहायक निदेशक श्री महेंद्र शर्मा तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर किया जा रहा है।

यह शिविर प्रतिभागियों के लिए राष्ट्रपति प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर होने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम भी है। तीन राज्यों की सहभागिता से आयोजित यह शिविर राष्ट्रीय एकता, पारस्परिक सहयोग एवं स्काउटिंग-गाइडिंग की संगठनात्मक भावना को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS