
विधायक सुशांत शुक्ला ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बढ़ाया कलाकारों का उत्साह
Cbn36 बिलासपुर। जरहाभांठा स्थित पीएमटी आदिवासी छात्रावास परिसर में आयोजित जिला स्तरीय करमा नृत्य प्रतियोगिता में पारंपरिक लोक संस्कृति की मनमोहक छटा देखने को मिली। मांदर की थाप, पारंपरिक गीतों और लयबद्ध कदमों पर कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में तखतपुर विकासखंड के ग्राम खजुरी के जय महामाया करमा दल ने प्रथम स्थान हासिल कर जिला विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक सुशांत शुक्ला ने किया। इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल भी उपस्थित रहे और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की प्रस्तुतियों से पूरा परिसर जनजातीय संस्कृति के रंगों में रंगा नजर आया।
प्रतियोगिता में विकासखंड स्तर पर विजेता रहे चार करमा दलों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें ग्राम खजुरी का जय महामाया करमा दल प्रथम, ग्राम खम्हारडीह का नवगौरव करमा दल द्वितीय तथा ग्राम आमाकोनी का जय बूढ़ादेव करमा दल तृतीय स्थान पर रहा। वहीं ग्राम परसापानी के जीवन ज्योति करमा दल को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।
इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि करमा नृत्य जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति के प्रति आस्था और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। लोककलाएं हमारी पहचान हैं और इन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी दलों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि कलाकारों के उत्साह और आपसी तालमेल में जनजातीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। उन्होंने जिला विजेता दल को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को 50 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहे दल को 25 हजार रुपये, तृतीय स्थान प्राप्त दल को 15 हजार रुपये तथा सांत्वना पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। सभी विजेता दलों को 16 नवंबर को बिलासपुर में आयोजित जनजातीय गौरव सम्मान दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सम्मानित करेंगे।

जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त जय महामाया करमा दल, खजुरी की टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रायगढ़ रवाना हो गई। कार्यक्रम के अंत में सहायक आयुक्त संजय चंदेल ने अतिथियों, कलाकारों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रधान संपादक