Explore

Search

November 13, 2026 7:22 pm

महावीर निर्वाण दिवस पर जैन मंदिरों में उमड़ी श्रद्धा, भगवान महावीर को चढ़ाया निर्वाण लड्डू

तीनों दिगंबर जैन मंदिरों सहित नेहरू नगर स्थित मंदिर में हुआ विशेष पूजन एवं अभिषेक, गौतम स्वामी के केवलज्ञान प्राप्ति का भी मनाया गया उत्सव

Cbn36 बिलासपुर। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान 1008 श्री महावीर स्वामी के 2553वें निर्वाण महोत्सव एवं गणधर गौतम स्वामी के केवलज्ञान प्राप्ति के पावन अवसर पर शहर के विभिन्न जैन मंदिरों में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर तीनों दिगंबर जैन मंदिरों में स्वर्ण कलशों से भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन एवं निर्वाण लड्डू अर्पित किया गया। वहीं श्वेतांबर समाज की ओर से नेहरू नगर स्थित विमल चोपड़ा के निवास पर स्थापित मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना एवं निर्वाण लड्डू चढ़ाया गया। इसके पश्चात महाआरती की गई।

तीनों दिगंबर जैन मंदिरों में हुए धार्मिक आयोजन

क्रांतिनगर स्थित 1008 श्री आदिनाथ भगवान मंदिर में प्रातः 6:30 बजे मंगलाष्टक के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। इसके बाद अभिषेक, शांतिधारा एवं माताजी के मुखारविंद से मंगल प्रवचन हुआ। तत्पश्चात विधि-विधान से पूजन कर भगवान को निर्वाण लड्डू अर्पित किया गया।

इस अवसर पर श्रद्धालु अपने-अपने घरों से आकर्षक ढंग से सजाकर लड्डू एवं दीपक लेकर मंदिर पहुंचे। लड्डू सजावट प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। चयनित 11 उत्कृष्ट लड्डुओं की बोलियां लगाई गईं तथा भक्तिभाव से निर्वाण लड्डू चढ़ाया गया।

इसी क्रम में सन्मति विहार स्थित श्री पंचबालयती महावीर जिनालय में प्रातः 7:15 बजे मंगलाष्टक के साथ कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। अभिषेक एवं शांतिधारा के पश्चात संगीतमय पूजन किया गया तथा सामूहिक रूप से निर्वाण लड्डू अर्पित किया गया।

वहीं सरकंडा स्थित 1008 श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में प्रातः 7 बजे मंगलाष्टक के साथ कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। अभिषेक, शांतिधारा एवं संगीतमय पूजन के बाद सामूहिक रूप से निर्वाण लड्डू चढ़ाया गया। यहां विभिन्न धार्मिक पात्रों का चयन बोलियों के माध्यम से किया गया।

नेहरू नगर में श्वेतांबर समाज ने की पूजा-अर्चना

नेहरू नगर में विमल चोपड़ा के निवास पर स्थापित मंदिर में श्वेतांबर समाज द्वारा विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान गौतम रास का पठन, नवकार मंत्र जाप, शांतिधारा वंदन एवं अष्ट प्रकारी पूजा संपन्न हुई। इसके पश्चात श्रद्धापूर्वक निर्वाण लड्डू चढ़ाया गया और भगवान की महाआरती की गई।

जैन मान्यताओं के अनुसार भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण एवं उनके प्रमुख गणधर गौतम स्वामी को केवलज्ञान की प्राप्ति की स्मृति में दीपावली का पर्व मनाया जाता है। इस पावन अवसर पर समाज के लोगों ने भगवान महावीर के सिद्धांतों को आत्मसात करने तथा अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और संयम के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विमल चोपड़ा, संजय कोठारी, नरेंद्र मेहता, सुरेंद्र मालू, सुभाष श्रीश्रीमाल, संजय जैन, शोभा मेहता, ज्योति चोपड़ा, किरण चोपड़ा, प्रवीण गोलछा, सुनीता जैन, प्रवीण कोचर, संतोष चोपड़ा, भीखम चंद, सुमित बोथरा, मेहुल, तुषार सहित समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS