Explore

Search

November 13, 2026 7:21 pm

छठ महापर्व पर बिलासपुर में यातायात व्यवस्था में बदलाव, कई मार्गों पर डायवर्सन और नो एंट्री लागू

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने जारी की मार्गदर्शिका, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील

Cbn36 बिलासपुर। छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बिलासपुर यातायात पुलिस ने सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था 15 नवंबर की दोपहर से 16 नवंबर 2026 की दोपहर तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर के छठ घाटों की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों का डायवर्सन, छोटे वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तन तथा निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

एएसपी यातायात राम गोपाल करियारे के निर्देशानुसार सरकंडा, मोपका एवं गुरु नानक चौक की ओर से छठ घाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग यातायात मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

सरकंडा-मोपका क्षेत्र से आने वालों के लिए व्यवस्था

सरकंडा एवं मोपका क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों को चिल्हाटी मोड़, मोपका तिराहा एवं बजरंग चौक (राजकिशोर चौक) से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं फोर व्हीलर एवं थ्री व्हीलर वाहनों का प्रवेश रवि रिसोर्ट के पास प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, दौरा-धारी व्रतियों के वाहनों को घाट तक जाने की अनुमति रहेगी।

इस क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग के लिए रवि रिसोर्ट के पास खेल परिसर, छठ घाट तिराहे के पूर्व एवं बाद के वन मैदान, आश्रम परिसर के पास नदी किनारे वन भूमि तथा छठ घाट से लगे वन मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा वीआईपी पार्किंग एवं प्रयास स्कूल भवन के पास रिजर्व पार्किंग भी निर्धारित की गई है।

गुरु नानक चौक की ओर से आने वालों के लिए मार्ग

गुरु नानक चौक की ओर से आने वाले भारी वाहनों को दर्रीघाट एवं महामंद चौक से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं फोर व्हीलर एवं थ्री व्हीलर वाहनों के लिए गांधी चौक, जगमल चौक, गुरु नानक चौक एवं पेट्रोल पंप तिराहे से डायवर्सन निर्धारित किया गया है।

पेट्रोल पंप तिराहे पर फोर व्हीलर एवं थ्री व्हीलर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यहां भी दौरा-धारी व्रतियों के वाहनों को प्रवेश की छूट दी जाएगी। पार्किंग के लिए धान मंडी परिसर एवं मंडी परिसर के अंदर की ओर स्थान निर्धारित किए गए हैं।

यातायात पुलिस की नागरिकों से अपील

यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि छठ महापर्व के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करें तथा डायवर्सन एवं नो एंट्री के निर्देशों का पालन करें।

यथासंभव छोटे वाहनों एवं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। सड़क एवं आवागमन के मार्गों पर कहीं भी वाहन खड़ा न करें, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को परेशानी न हो। विशेष रूप से दौरा-धारी व्रतियों को छठ घाट तक पहुंचने में सहयोग प्रदान करें।

एएसपी यातायात राम गोपाल करियारे ने नागरिकों से अपील की है कि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में यातायात पुलिस का सहयोग करें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS