Explore

Search

November 8, 2026 6:17 pm

जगशाला खैरा में 10 नवंबर को मनेगा यादव समाज का भव्य गोवर्धन पूजा उत्सव

Cbn36 बिलासपुर। बिलासपुर जिला यादव समाज (बेलतरा विधानसभा) द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला पारंपरिक गोवर्धन पूजा उत्सव इस वर्ष 10 नवंबर को ग्राम खैरा स्थित ऐतिहासिक जगशाला परिसर में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और यादव समाज की गौरवशाली परंपराओं को समर्पित इस आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

समाज के अध्यक्ष शिशंकर यादव एवं कोषाध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि उत्सव का शुभारंभ सुबह 9 बजे भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी के मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गोवर्धन पूजा, विशेष आरती एवं हवन के साथ होगा। इसके बाद सुबह 11 बजे संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। दोपहर 1 बजे महाप्रसाद एवं सामूहिक भोज के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

आयोजन में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं उत्सव की अध्यक्षता भिलाई विधायक देवेंद्र यादव करेंगे। अति विशिष्ट अतिथियों में डॉ. सोमनाथ यादव (पूर्व अध्यक्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, छत्तीसगढ़ शासन), रामशरण यादव (पूर्व महापौर), भुनेश्वर यादव (पूर्व अध्यक्ष, जिला पंचायत), विजय केशरवानी (पूर्व बेलतरा विधायक प्रत्याशी), महेंद्र गंगोत्री एवं सिद्धांशु मिश्रा शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में लक्ष्मी यादव, प्रह्लाद यादव, ईश्वर यादव, अमित यादव, नीरज यादव, शैलेन्द्र यादव एवं सुखनंदन यादव उपस्थित रहेंगे।

सामाजिक एकता और परंपरा का अनूठा संगम

यादव समाज का यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी माध्यम है। आयोजन में आने वाले अतिथियों एवं समाजजनों को प्रसाद स्वरूप दूध वितरित किया जाएगा, जो यादव समाज की पारंपरिक संस्कृति और पहचान का प्रतीक है।

आयोजन की एक विशेष पहल के तहत जगशाला परिसर को पूर्णतः नशामुक्त रखा जाएगा। परिसर में गुटखा, तंबाकू, धूम्रपान एवं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही नशे की हालत में आने पर भी रोक रहेगी। समाज के लोग हर वर्ष इस नियम का पूरी निष्ठा से पालन करते हैं।

इस भव्य आयोजन की सबसे खास बात समाज के प्रत्येक परिवार की सहभागिता है। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रत्येक परिवार स्वेच्छा से एक लीटर दूध और 50 रुपये की सहयोग राशि प्रदान करता है। सामूहिक सहयोग और सहभागिता की यही भावना इस उत्सव को विशेष पहचान देती है।

गोवर्धन पूजा के इस धार्मिक एवं सामाजिक समागम में बिलासपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से यादव समाज के पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में शामिल होंगे और भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS