
बिलासपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, गांधी चौक से नेहरू चौक तक निकाला मार्च
CBN36 बिलासपुर, 31 अक्टूबर 2026। भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत शनिवार को बिलासपुर में गांधी चौक मिनी स्टेडियम से नेहरू चौक तक पदयात्रा निकाली गई। इसमें नगर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। पदयात्रा के माध्यम से भाजपा नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और कांग्रेस की कथित अराजक राजनीति के विरोध में आवाज बुलंद की।
इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद देश में लोकतंत्र को सबसे बड़ा आघात कांग्रेस ने पहुंचाया है। आपातकाल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र की दुहाई दे रही है। कांग्रेस की राजनीति पर ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ वाली कहावत पूरी तरह सटीक बैठती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी अपनी कार्यशैली और राजनीतिक आचरण से लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
अमर अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे पर कहा कि एक समय प्रदेश का बड़ा हिस्सा नक्सल हिंसा और भय के साये में था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, स्पष्ट रणनीति तथा केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकारों के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ आज सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है।

उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति और उसके मंसूबों को समझ चुकी है। लगातार मिल रही राजनीतिक असफलताओं से विपक्षी दलों में बौखलाहट है और इसी कारण कई दल एकजुट होकर देश में अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को बाधित करने और देश की विकास यात्रा में व्यवधान डालने वाली राजनीति को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और उसका फैसला ही अंतिम होता है। जनता ऐसे राजनीतिक कृत्यों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह एवं सुशांत शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, महापौर पूजा विधानी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक