Explore

Search

October 31, 2026 10:03 pm

एसईसीएल में ‘संकल्प सिद्धि समारोह’ आयोजित, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता का दिया संदेश

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित, सेवानिवृत्त कर्मियों को भी किया गया सम्मानित

CBN36 बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत 31 अक्टूबर 2026 को एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में ‘संकल्प सिद्धि समारोह’ का आयोजन किया गया। केंद्रीय सतर्कता आयोग भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि रखी गई है। समारोह में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक कार्यसंस्कृति को संस्थागत सुशासन का आधार बताया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. निखिल कुमार कनोडिया पुलिस महानिरीक्षक एवं भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के पूर्व मुख्य सतर्कता अधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी संचालन) रमेश चंद्र महापात्र तथा निदेशक तकनीकी योजना/परियोजना नृपेंद्र नाथ सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा एसईसीएल के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के निरीक्षण से हुई। यहां उन्हें डिजिटल निगरानी व्यवस्था और केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। इसके बाद सतर्कता जागरूकता सप्ताह गैलरी का अवलोकन किया गया, जिसमें सतर्कता विभाग की विभिन्न पहलों और जागरूकता गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया था। अतिथियों ने ‘एक पेड़ सतर्कता के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

ऑडिटोरियम में दीप प्रज्ज्वलन और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया गया। मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन ने स्वागत उद्बोधन में सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों और सतर्कता विभाग के प्रयासों की जानकारी दी। अतिथियों का पौधा, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।

मुख्य वक्ता डॉ. निखिल कुमार कनोडिया ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संस्थान में सुशासन के लिए सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण अनिवार्य हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों में ईमानदारी और निष्पक्षता बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब भी दिए। डॉ. कनोडिया ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनमें बचपन से ही ईमानदारी, नैतिकता तथा सत्यनिष्ठा के संस्कार विकसित करना जरूरी है।

निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास ने अपने संबोधन में कार्यस्थल पर नैतिक मूल्यों और सत्यनिष्ठा के पालन पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान स्कूली विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिताएं हुईं। वहीं एसईसीएल कर्मचारियों के लिए वाद-विवाद, निबंध, स्लोगन, कविता, प्रश्नोत्तरी एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एसईसीएल सतर्कता विभाग की वार्षिक पत्रिका ‘स्पंदन’ तथा ‘हैंडबुक ऑन सिस्टमैटिक इम्प्रूवमेंट मेजर्स’ का विमोचन भी किया गया। इन प्रकाशनों में संगठन की गतिविधियों और प्रणालीगत सुधार के उपायों को संकलित किया गया है।

समारोह में संगीत समूह एवं ओडिशी नृत्य की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक रंग भरे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री पंकज पाणी पांडेय ने किया, जबकि महाप्रबंधक सतर्कता संजय प्रसाद दुबे ने आभार व्यक्त किया।

सेवानिवृत्त कर्मियों का भी सम्मान

समारोह के दौरान एसईसीएल से सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके सेवाकाल में दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में देवेंद्र प्रसाद महाप्रबंधक, उत्खनन श्रीमती प्रवीणा गांधी प्रबंधक, मानव संसाधन कर्मचारी स्थापना विभाग असीम जूलियस सब स्टेशन अटेंडेंट, बसंत विहार श्रीमती सुपर्णा दासगुप्ता सीनियर डीईओ, बसंत विहार स्वास्थ्य केंद्र तथा प्रवीण कुमार दीक्षित वरिष्ठ तकनीकी निरीक्षक, गुणवत्ता नियंत्रण विभाग शामिल रहे।

समारोह के माध्यम से एसईसीएल ने संगठनात्मक कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत बनाने के साथ-साथ नई पीढ़ी में नैतिक मूल्यों के विकास का संदेश दिया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS