Explore

Search

October 31, 2026 9:26 pm

सड़क दुर्घटना पीड़ितों को राहत देने में बलौदाबाजार पुलिस प्रदेश में अव्वल, पीएम राहत योजना के क्रियान्वयन में हासिल किया पहला स्थान

270 प्रकरणों पर कार्रवाई, 219 मामलों को मिली मंजूरी; घायलों को 1.50 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा

CBN36 बलौदाबाजार, 31 अक्टूबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने और उनकी जान बचाने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री राहत योजना के क्रियान्वयन में बलौदाबाजार-भाटापारा जिला पूरे छत्तीसगढ़ में पहले स्थान पर पहुंच गया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के आपसी समन्वय तथा प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते जिले ने यह उपलब्धि हासिल की है।

पुलिस अधीक्षक आईपीएस गौरव राय के निर्देशन में जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अस्पतालों से प्राप्त TMS रिक्वेस्ट पर संबंधित थानों द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी का भौतिक और डिजिटल सत्यापन तेजी से किया जा रहा है, ताकि दुर्घटना पीड़ितों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

270 मामलों में हुई कार्रवाई

पुलिस विभाग के अनुसार, iRAD/e-DAR पोर्टल पर अब तक कुल 270 प्रकरणों पर कार्रवाई की गई है। इनमें 219 प्रकरणों में दुर्घटना का सत्यापन सही पाए जाने पर तत्काल अप्रूवल दिया गया, जबकि 25 प्रकरणों को नियमानुसार निरस्त किया गया। वहीं 26 प्रकरणों को ‘डिस्चार्ज फ्रॉम स्कीम’ श्रेणी में दर्ज किया गया है।

पोर्टल पर समयबद्ध डेटा एंट्री, पारदर्शी सत्यापन और लगातार निगरानी को जिले की इस सफलता का प्रमुख आधार बताया गया है।

प्रशिक्षण और समन्वय ने बढ़ाई कार्यक्षमता

इस उपलब्धि में जिला DRM मनोज मांडले की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके द्वारा पुलिस थानों और अस्पतालों के कर्मचारियों के लिए लगातार प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इन कार्यशालाओं में पोर्टल संचालन, प्रकरणों की प्रविष्टि और सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

गोल्डन आवर में इलाज, 1.50 लाख तक कैशलेस सुविधा

योजना का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे यानी ‘गोल्डन आवर’ में घायल व्यक्ति को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है। इसके तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को शासकीय और निजी अस्पतालों में 1.50 लाख तक के कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इससे आर्थिक परेशानी के कारण इलाज में होने वाली देरी को रोकने में मदद मिलती है।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएं। समय पर अस्पताल पहुंचाने और मानवीय संवेदनशीलता दिखाने से किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है।

जिले की यह उपलब्धि केवल प्रशासनिक रैंकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर इलाज और राहत पहुंचाने की दिशा में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों का परिणाम भी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS