Explore

Search

October 31, 2026 8:23 pm

सरदार पटेल ने रियासतों को एकजुट कर रखी अखंड भारत की नींव : मुख्यमंत्री साय

राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि, उनके योगदान को किया याद

CBN36 रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में सरदार पटेल के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और देश की एकता एवं अखंडता के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण के महान शिल्पकार थे। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर मजबूत और अखंड भारत की नींव रखी। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का पूरा जीवन राष्ट्रहित, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और हमेशा देश की एकता को सर्वोपरि रखा। उनका जीवन हमें सिखाता है कि दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयास से बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। सरदार पटेल के विचार और आदर्श इस राष्ट्रीय संकल्प को मजबूती प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल सरदार पटेल के योगदान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने के संकल्प को दोहराने का भी दिन है। भारत की विविधता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और समुदायों के बीच एकता की भावना को मजबूत करना ही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर सशक्त, समरस और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, ताकि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में प्रदेश भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS