गणेशोत्सव से दीपावली तक शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत, सक्रिय बदमाशों पर होगी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
CBN36 बिलासपुर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की परेड कराई। इस दौरान बदमाशों की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली गई और उन्हें आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की स्पष्ट हिदायत दी गई।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान डालने वाले असामाजिक तत्वों और निगरानी बदमाशों को तलब कर समझाइश दी जाए। निर्देश के पालन में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की परेड ली।
त्योहार में उपद्रव किया तो होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने बदमाशों को गणेश पूजा, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में शांति बनाए रखने तथा परिवार के साथ शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की समझाइश दी। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार का उपद्रव, मारपीट, विवाद या शांति भंग करने की कोशिश करने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने सक्रिय बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने और आवश्यकतानुसार इस्तगासा तैयार कर बाउंड ओवर की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजने के निर्देश भी दिए हैं।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि त्योहार खुशी और भाईचारे के साथ मनाएं। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
प्रधान संपादक




