10 चोर और सात रिसीवर समेत 17 गिरफ्तार, चोरी में इस्तेमाल चार स्कूटर जब्त
अनूपपुर क्षेत्र में किराए के मकानों में रहकर करते थे रेकी, चांदनी चौक की कबाड़ मंडी में बेचते थे चोरी का माल
CBN36 बिलासपुर, 15 सितंबर। रेलवे की कॉपर केबल चोरी करने वाले दिल्ली के एक संगठित गिरोह का आरपीएफ ने पर्दाफाश किया है। बुढ़ार, सिंहपुर, छादा और शहडोल क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान आरपीएफ की विशेष टीम और आरपीएफ पोस्ट अनूपपुर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10 चोरों और चोरी की रेलवे संपत्ति खरीदने वाले सात रिसीवरों समेत कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त चार स्कूटर भी जब्त किए गए हैं।
जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्य दिल्ली से अनूपपुर क्षेत्र में आकर किराए के मकानों में रह रहे थे। आरोपी स्कूटर से रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में घूमकर कॉपर केबल समेत तांबे की अन्य रेलवे सामग्री की रेकी करते थे। मौका मिलते ही केबल काटकर चोरी कर लेते थे। पूछताछ में चोरी की रेलवे संपत्ति को दिल्ली के चांदनी चौक स्थित कबाड़ मंडी में बेचने की बात सामने आई है।
रेकी के बाद बनाते थे चोरी का प्लान
रेलवे संपत्ति की लगातार हो रही चोरी को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, बिलासपुर के मार्गदर्शन में आरपीएफ ने प्रभावित रेलखंडों पर निगरानी बढ़ा दी थी। विशेष टीम ने पेट्रोलिंग, एम्बुश और स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को ट्रेन से भागते समय उमरिया से पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी को गाजियाबाद स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई कॉपर केबल और तांबे से बनी अन्य रेलवे सामग्री बरामद की गई।
रिसीवरों तक पहुंची जांच
आरपीएफ की जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की रेलवे संपत्ति को खपाने के लिए गिरोह से जुड़े रिसीवर सक्रिय थे। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले सात रिसीवरों को भी गिरफ्तार किया है। आरपीएफ अब गिरोह के नेटवर्क, चोरी की संपत्ति के खरीदारों और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
प्रधान संपादक




