
तरुण प्रकाश ने लिया जायजा, बोले- यात्री सुविधा और संरक्षा से समझौता नहीं
CBN36 रायपुर, 14 सितंबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गति, गुणवत्ता और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने के साथ निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने स्टेशन के पुनर्विकास से संबंधित ले-आउट प्लान का अवलोकन किया और मौके पर चल रहे कार्यों से उसका मिलान किया। उन्होंने अधिकारियों से वर्तमान प्रगति, आगामी कार्ययोजना और कार्यों को पूरा करने की समय-सीमा की जानकारी ली।
यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

तरुण प्रकाश ने कहा कि पुनर्विकास कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निर्माण कार्यों के कारण यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए जरूरी वैकल्पिक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा।
उन्होंने स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज और यात्री क्षेत्रों का निरीक्षण किया। स्वच्छता, यात्री आवागमन और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए इन्हें और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
गेट नंबर-2 से गुढ़ियारी छोर तक निरीक्षण
महाप्रबंधक ने मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर-2 पर निर्माणाधीन कार्य के लिए की गई घेराबंदी का निरीक्षण किया। इसके बाद स्टेशन के गुढ़ियारी छोर पर चल रहे प्रगतिशील कार्यों को भी देखा। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की गति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पुनर्विकास पूरा होने के बाद रायपुर स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर आवागमन व्यवस्था, सुविधाजनक प्रवेश-निकास और सुव्यवस्थित यात्री सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। महाप्रबंधक ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए गुणवत्ता, समयबद्धता और संरक्षा के मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
रेल परिचालन की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के बाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में तरुण प्रकाश ने रायपुर मंडल के रेल परिचालन और विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अधोसंरचना विकास कार्यों के दौरान निर्बाध और सुचारू रेल परिचालन बनाए रखने समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद, बिलासपुर मुख्यालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी), प्रधान मुख्य इंजीनियर, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति), रायपुर सहित मुख्यालय और मंडल के विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




