साइबर सेल और डिंडौरी चौकी पुलिस ने सुलझाई चोरी की गुत्थी, चोरी का पूरा माल बरामद
चोरी का चावल खरीदने वाला भी पकड़ा गया, तीसरा आरोपी बिलासपुर जेल में बंद
CBN36 मुंगेली। शासकीय उचित मूल्य की दुकान का ताला तोड़कर पांच बोरी चावल चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। साइबर सेल और चौकी डिंडौरी पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए पांचों बोरी चावल बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
13,724 रुपये कीमत का चावल चोरी
मामला चौकी डिंडौरी, थाना चिल्फी क्षेत्र के ग्राम साल्हेघोरी का है। यहां शासकीय उचित मूल्य की दुकान के विक्रेता जलेश्वर साहू ने 28 अगस्त को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 27 अगस्त की शाम करीब छह बजे राशन वितरण के बाद दुकान में ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 6:40 बजे दुकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जांच करने पर पांच बोरी चावल गायब थे। चोरी गए चावल की कुल कीमत 13,724 रुपये आंकी गई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 119/2026 के तहत धारा 331(4), 305(3), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर और तकनीकी साक्ष्य बने अहम कड़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में साइबर सेल एवं चौकी डिंडौरी की संयुक्त टीम बनाई गई।
पुलिस ने बेसिक पुलिसिंग, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ग्राम सारधा निवासी रामानंद अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी राजेश सारथी के साथ मोटरसाइकिल से साल्हेघोरी पहुंचकर राशन दुकान का ताला तोड़ने और पांच बोरी चावल चोरी करने की बात स्वीकार की।
चोरी का चावल अनिल को बेच दिया
पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद चावल को ग्राम गोंड खाम्ही निवासी अनिल साहू के घर/दुकान में बेच दिया गया था। पुलिस ने अनिल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसके कब्जे से चोरी किए गए पांचों बोरी चावल बरामद हो गए।
पुलिस ने मामले में रामानंद अहिरवार (27), निवासी सारधा, थाना लोरमी और अनिल साहू (30), निवासी गोंड खाम्ही, थाना लोरमी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को 14 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
तीसरा आरोपी पहले से बिलासपुर जेल में
वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी राजेश सारथी फिलहाल किसी अन्य मामले में जिला बिलासपुर जेल में निरुद्ध है। उसके खिलाफ इस प्रकरण में पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, चौकी डिंडौरी प्रभारी उप निरीक्षक मान सिंह, प्रधान आरक्षक नरेश यादव, श्याम डहरिया, नोखे कुर्रे, यशवंत डाहिरे, गुलाब राजपूत, रवि जांगड़े तथा आरक्षक भेषज पांडेकर, अतुल ठाकुर, हेम सिंह ठाकुर, राम कश्यप, संजय पात्रे और पवन गंधर्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक




