Explore

Search

September 14, 2026 5:25 pm

वायरल वीडियो ने खोली सड़क की पोल, सीएम साय ने लिया संज्ञान; कलेक्टर को तत्काल सुधार के निर्देश

“खरसिया चौक के गड्ढों पर मुख्यमंत्री सख्त, बोले- बारिश में सड़कें चलने लायक रखना प्रशासन की जिम्मेदारी,सीएम साय का संदेश साफ है-बारिश निर्माण कार्यों में बाधा हो सकती है, लेकिन आम लोगों का आवागमन बाधित होने का कारण नहीं”

CBN36 रायपुर, 14 सितंबर। अंबिकापुर के खरसिया चौक की बदहाल सड़क का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली और तत्काल मौके का निरीक्षण कर जरूरी सुधार कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। साथ ही यातायात का दबाव अधिक होने वाले स्थानों पर पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अंबिकापुर के बाद अब पूरे प्रदेश की सड़कों पर नजर

अंबिकापुर की घटना को लेकर सख्ती दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जरूरत पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर स्थिति देखें और संबंधित विभागों व निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़क को आवागमन योग्य बनाए रखें।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान सड़क निर्माण या खराब सड़क के कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां गड्ढे, जलभराव, कटाव या निर्माण कार्य के कारण यातायात प्रभावित होने की आशंका है, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी की जाए।

सड़क चाहे जिस एजेंसी की हो, जिम्मेदारी प्रशासन की

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग की हो, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य निर्माण एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन को संबंधित विभाग के साथ प्रभावी समन्वय कर समस्या का त्वरित समाधान कराना होगा। कलेक्टरों को अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हांकित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है।

मानसून खत्म होते ही निर्माण कार्यों में तेजी

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क परियोजनाओं को लेकर भी अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। वर्षा ऋतु समाप्त होते ही सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने को कहा गया है। निर्माण एजेंसियों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता के साथ काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS