Explore

Search

September 14, 2026 5:26 pm

साइबर ठगी रोकने उतरेगा कैमरा, रायगढ़ पुलिस दे रही 3.75 लाख जीतने का मौका

“एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह की पहल से लघु फिल्म प्रतियोगिता; आपकी कहानी किसी को ठगी से बचा सकती है, 24 सितंबर तक मौका”

 CBN36 छत्तीसगढ़ रायगढ़। साइबर ठगों के नए-नए तरीकों के खिलाफ अब पुलिस के साथ कैमरा भी मोर्चा संभालेगा। रायगढ़ पुलिस की पहल पर ‘साइबर जागृत अभियान 2026’ के तहत लघु फिल्म प्रतियोगिता शुरू की गई है। इसका मकसद सिर्फ फिल्म बनवाना नहीं, बल्कि ऐसी कहानियों को सामने लाना है जो एक क्लिक से पहले लोगों को रुकने, सोचने और वेरिफाई करने के लिए मजबूर करें। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को कुल 3.75 लाख रुपये तक के पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता को जनअभियान का रूप देने में जुटी है। इसी कड़ी में फिल्ममेकर, विद्यार्थी, वीडियो क्रिएटर, लेखक, निर्देशक और सामाजिक विषयों पर कहानी कहने वाले कलाकारों को अभियान से जोड़ा जा रहा है। पुलिस का संदेश साफ है -साइबर अपराध के खिलाफ सिर्फ पुलिस ही नहीं, समाज का हर जागरूक व्यक्ति प्रहरी बन सकता है।

एक कहानी… और बच सकती है किसी की जिंदगी भर की कमाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑनलाइन ठगी के मामलों में कई बार एक गलत क्लिक, ओटीपी साझा करना या फर्जी लिंक पर भरोसा करना लोगों की वर्षों की कमाई पर भारी पड़ जाता है। प्रतियोगिता में ऐसी ही वास्तविक और प्रभावशाली परिस्थितियों पर आधारित कहानियां बनाने का आह्वान किया गया है, जो लोगों को साइबर ठगी के खतरे समझाएं और बचाव का रास्ता दिखाएं।

दो कैटेगरी, पुरस्कार भी आकर्षक

प्रतियोगिता में दो श्रेणियां रखी गई हैं। कैटेगरी-ए में 3 से 6 मिनट की लघु फिल्म के लिए प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये और कैटेगरी-बी में 1 से 3 मिनट की फिल्म के लिए प्रथम पुरस्कार 75 हजार रुपये रखा गया है। प्रतियोगिता में विभिन्न पुरस्कारों के तहत कुल 3.75 लाख रुपये तक की राशि प्रदान की जाएगी।

24 सितंबर आखिरी तारीख

प्रतिभागी अपनी लघु फिल्म 24 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए filmotsav.org/participate पर आवेदन किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए 8817420420 पर संपर्क किया जा सकता है।

रायगढ़ से संदेश, पूरे छत्तीसगढ़ में अभियान

यह पहल केवल रायगढ़ तक सीमित नहीं है। ‘साइबर जागृति अभियान 2026’ के तहत पूरे छत्तीसगढ़ में साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का संकल्प ‘साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ है। पुलिस का प्रयास है कि जागरूकता को थानों और पुलिस कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाए।

रायगढ़ पुलिस की लघु फिल्म प्रतियोगिता इसी मुहिम को रचनात्मक ताकत देने की कोशिश है। क्योंकि साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई में कई बार एक सही समय पर मिला संदेश किसी परिवार की पूरी जमा-पूंजी बचा सकता है।

रायगढ़ पुलिस की अपील

बनाएं, शिक्षित करें और रक्षा करें। साइबर अपराध के खिलाफ अपनी कहानी कहें और उसे जागरूकता की आवाज बनाएं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS