बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया से मिलेगी यात्रा की सुविधा, 22 कोच के साथ दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन
CBN36 बिलासपुर। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों को सुगम यात्रा के साथ कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए पटना-चर्लपल्ली-पटना के बीच चल रही स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का विस्तार किया गया है। अब इन ट्रेनों का संचालन 2 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।
परिचालन विस्तार के बाद अलग-अलग तिथियों में इन ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। इससे दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान बिहार, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल के 21 फेरे
गाड़ी संख्या 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल पटना से 21 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार और बुधवार को संचालित होगी और इस अवधि में कुल 21 फेरे लगाएगी।
दो ट्रेनों से पटना के लिए भी सुविधा
गाड़ी संख्या 03255 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल चर्लपल्ली से 25 सितंबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। इस दौरान ट्रेन के 10 फेरे होंगे।
वहीं, गाड़ी संख्या 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल चर्लपल्ली से 23 सितंबर से 2 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी और कुल 11 फेरे लगाएगी।
चार प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के यात्रियों के लिए इन स्पेशल ट्रेनों का बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव रहेगा। इन स्टेशनों से यात्री ट्रेन में आरक्षण कर यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।
22 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं। इनमें 1 पावरकार, 1 एसएलआरडी, 2 सामान्य, 4 स्लीपर, 7 एसी-3 और 7 एसी-3 इकोनॉमी कोच शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की समय-सारिणी और ठहराव की विस्तृत जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर अवश्य जांच लें।
प्रधान संपादक




