Explore

Search

August 19, 2026 7:07 pm

कार चढ़ाकर हत्या के मामले में फरार आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर

पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के चलते न्यायालय पहुंचा आरोपी, पुलिस रिमांड पर भेजा गया

CBN36 रायपुर। आमानाका थाना क्षेत्र में कार चढ़ाकर युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने पुलिस की लगातार दबिश के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त 2026 को थाना आमानाका में परमजीत रणगण्ही की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि भरत मंगनानी ने जानबूझकर परमजीत पर कार चढ़ा दी थी। घटना के बाद आरोपी सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार लेकर मौके से फरार हो गया था।

बताया गया कि परमजीत की शादी की बातचीत शिखा साहू से चल रही थी। 14 अगस्त को शिखा साहू अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ कार से टाटीबंध पहुंची थी। गुरुद्वारा के पास शिखा और परमजीत की मुलाकात हुई। इस दौरान भरत मंगनानी भी वहां मौजूद था। बातचीत के दौरान भरत का परमजीत से विवाद हो गया।

प्रार्थी के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी ने परमजीत की हत्या करने की नीयत से तेज रफ्तार में कार चलाते हुए उसके ऊपर चढ़ा दी। हादसे में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी कार समेत फरार हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत धारा 103 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से भी उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के बीच भरत मंगनानी ने 18 अगस्त 2026 को न्यायालय परिसर पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर प्राप्त किया गया है। पुलिस आरोपी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS