Explore

Search

August 13, 2026 9:19 pm

ऑपरेशन शंखनाद:14 चक्का ट्रक में ठूंस-ठूंसकर ले जा रहे थे 46 गौवंश, सात की मौत

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऑपरेशन शंखनाद के तहत तस्करी में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी

CBN36 रायगढ़। गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बरसापाली जंगल में लावारिस हालत में खड़े 14 चक्का ट्रक से 46 गौवंश बरामद किए। इनमें सात गौवंश मृत मिले, जबकि 39 जीवित गौवंश को सुरक्षित रेस्क्यू कर कांजी हाउस धरमजयगढ़ पहुंचाया गया।

पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही ट्रक छोड़कर भागे तस्कर

पुलिस के अनुसार 12 अगस्त की रात करीब 2:20 बजे सूचना मिली थी कि एक 14 चक्का ट्रक से जंगल के रास्ते गौवंश की तस्करी की जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े ने मुखबिरों को सक्रिय किया। संदिग्ध ट्रक के बरसापाली जंगल की ओर जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम को घेराबंदी के लिए रवाना किया गया। पुलिस की भनक लगते ही ट्रक में सवार तस्कर वाहन को जंगल में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

तिरपाल से ढके ट्रक में ठूंस-ठूंसकर भरे थे गौवंश

पुलिस टीम ने ट्रक क्रमांक CG 14 D 0739 की तलाशी ली। ट्रक को तिरपाल से ढका गया था और अंदर 46 गौवंश को क्षमता से अधिक संख्या में ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था नहीं थी। अमानवीय परिवहन के कारण सात गौवंश की मौत हो चुकी थी।

39 गौवंश का सुरक्षित रेस्क्यू

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा, प्रकाश गिरी गोस्वामी और हमराह स्टाफ ने तत्काल ट्रक से जीवित गौवंश को बाहर निकाला। सभी 39 जीवित गौवंश को कांजी हाउस धरमजयगढ़ पहुंचाकर चारा-पानी की व्यवस्था कराई गई।

फरार तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस

धरमजयगढ़ पुलिस ने ट्रक चालक और फरार पशु तस्करों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 10 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार पतासाजी कर रही है।

एसएसपी ने कहा- तस्करी के नेटवर्क पर होगी प्रभावी कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि गौवंश तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। तस्करी में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले में गौवंश तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से की सूचना देने की अपील

रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गौवंश की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता या संदिग्ध रूप से पशुओं के परिवहन की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS