Explore

Search

August 12, 2026 6:19 pm

विवाद के बाद युवक को कार से घसीटा, मानवता की भी हद होती है

“पुलगांव चौक में पहले मारपीट, फिर कार से पीछे से मारी ठोकर; युवक को काफी दूर तक घसीटता रहा आरोपी -मित्र रोकते रहे, लेकिन नहीं रुका वाहन”

CBN36 दुर्ग। सड़क पर मामूली विवाद हुआ तो गुस्सा इस कदर हावी हुआ कि इंसानियत ही पीछे छूट गई। पहले युवक से हाथ-थप्पड़ से मारपीट की, फिर उसे धमकाया और जब वह वहां से पैदल जाने लगा तो कार से उसका पीछा किया। इसके बाद पीछे से कार की ऐसी ठोकर मारी कि युवक वाहन में फंस गया। इसके बावजूद आरोपी ने ब्रेक नहीं लगाया। वह युवक को काफी दूर तक सड़क पर घसीटता रहा।

मामला पुलगांव चौक का है। पुलिस के मुताबिक, विजय वैष्णव अपने दोस्तों के साथ पान ठेले के पास खड़ा था। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से आ रही कार क्रमांक CG-04-HJ-9238 ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद विजय और कार चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि चालक ने कार से उतरकर विजय के साथ मारपीट की और धमकी भी दी।

रुक आज तुझे बताता हूं….और फिर कार से पीछा

विवाद के बाद विजय पैदल पोटिया की ओर जाने लगा। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसे धमकाते हुए अपनी कार में बैठकर पीछा किया। कुछ ही देर बाद कार ने पीछे से विजय को जोरदार टक्कर मार दी।

इसके बाद जो हुआ, वह किसी भी संवेदनशील इंसान को झकझोर देने वाला है। टक्कर के बाद भी आरोपी ने कार नहीं रोकी। विजय वाहन में फंसा रहा और कार उसे सड़क पर घसीटती चली गई।

दोस्त रोकते रहे, आरोपी नहीं रुका

विजय के दोस्तों ने कार रोकने की कोशिश की। आरोपी को वाहन रोकने के लिए कहा गया, लेकिन आरोप है कि उसने उनकी एक नहीं सुनी। कार बालाजी स्वीट्स के पास से आगे तक युवक को घसीटती रही। गंभीर रूप से घायल विजय को बाद में दोस्तों ने किसी तरह वाहन से छुड़ाया और अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने आरोपी को कार समेत दबोचा

घटना की रिपोर्ट पर थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 711/2026, धारा 109(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने गवाहों के बयान लिए और आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने आरोपी अजय कुमार गारूडीक (56) को घटना में प्रयुक्त कार समेत पकड़ लिया। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान शराब सेवन का उल्लेख भी किया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने युवक को पीछे से कार की ठोकर मारने और घसीटने की घटना स्वीकार की।आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गुस्से में इंसानियत न भूलें

एक सड़क विवाद किस तरह जानलेवा घटना में बदल गया, यह मामला इसकी गंभीर मिसाल है। विवाद कुछ मिनटों का था, लेकिन गुस्से में उठाया गया कदम किसी की जिंदगी हमेशा के लिए बदल सकता था।

मानवता की भी एक हद होती है-विवाद अपनी जगह, लेकिन किसी इंसान को कार से घसीटना उस हद को पार कर देना है।दुर्ग पुलिस ने वाहन क्रमांक CG-04-HJ-9238 को जब्त कर लिया है। घटना की जांच जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS