Explore

Search

August 12, 2026 6:13 pm

त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था को लेकर दुर्ग पुलिस अलर्ट

एसएसपी विजय अग्रवाल ने ली यातायात अधिकारियों की समीक्षा बैठक, शराब पीकर वाहन चलाने और सड़क पर स्टंट करने वालों पर सख्ती के निर्देश

CBN36 दुर्ग। आगामी तीन माह में शिव महापुराण, गणेश चतुर्थी, नवरात्रि और दीपावली जैसे बड़े आयोजनों को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को कंट्रोल रूम सेक्टर-06 में उपमहानिरीक्षक-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने यातायात पुलिस के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर पूर्व में की गई कार्रवाई और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

टैंगो टीम और कार्रवाई की समीक्षा

बैठक में टैंगो टीम की कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने, यातायात जन-जागरूकता कार्यक्रम और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ की जा रही चेकिंग की समीक्षा की गई। अधिकारियों को शहर में यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए लगातार पेट्रोलिंग और प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

स्टंट करने वालों के वाहन होंगे जब्त

एसएसपी ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने वालों, सड़क पर स्टंट करने वालों, बिना नंबर या अस्पष्ट नंबर वाले वाहनों तथा ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सड़क पर स्टंट करने वाले वाहन चालकों के वाहन जब्त कर कार्रवाई करने को कहा गया।

दुर्घटना वाले स्थानों का होगा निरीक्षण

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पूर्व में दुर्घटना वाले स्थानों का स्थल निरीक्षण कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पहचान करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों से समन्वय कर सड़क, प्रकाश व्यवस्था, यातायात संकेतक और अतिक्रमण सहित अन्य कमियों को दूर कराने पर जोर दिया गया।

त्योहारी सीजन में बढ़ेगा यातायात का दबाव

पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी लगातार होने वाले आयोजनों के दौरान पूरी ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें। आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहे। यातायात पुलिस द्वारा त्योहारी सीजन को देखते हुए चेकिंग, पेट्रोलिंग, प्रवर्तन कार्रवाई और जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS