
जिलेभर में चला अभियान, सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर बैंक प्रबंधन को दिए सुधार के निर्देश
CBN36 रायगढ़। जिले में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों का औचक निरीक्षण किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बैंक परिसरों में तैनात सुरक्षा गार्डों, सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, फायर सेफ्टी उपकरणों, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा तथा प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था की जांच की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा निरीक्षण रजिस्टर का भी अवलोकन किया और जहां कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि सभी सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे चालू रहें और उनकी रिकॉर्डिंग कम से कम 90 दिनों तक सुरक्षित रखी जाए। साथ ही कैमरों की गुणवत्ता ऐसी हो कि आने-जाने वाले लोगों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दें। फायर सेफ्टी उपकरणों और अलार्म सिस्टम की नियमित जांच एवं समय-समय पर सर्विसिंग कराने के भी निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान सुरक्षा गार्डों के प्रशिक्षण, हथियारों के लाइसेंस, ड्यूटी के दौरान सतर्कता और आपात स्थिति में उनकी तैयारी की भी जानकारी ली गई। गार्डों को संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने बैंक प्रबंधन को बैंक खुलने और बंद होने के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने, बड़ी नकदी के परिवहन के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने, एटीएम और बैंक परिसर के आसपास निगरानी बढ़ाने तथा साइबर ठगी और बैंकिंग फ्रॉड के प्रति ग्राहकों और कर्मचारियों को लगातार जागरूक करने के निर्देश भी दिए।

रायगढ़ पुलिस ने कहा कि बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस तरह का औचक निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि बैंक परिसरों में अपराधों की प्रभावी रोकथाम हो सके और आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकें।
प्रधान संपादक



